1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. आंवले से बनाएं मजेदार जैम, सर्दियों में स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार

आंवले से बनाएं मजेदार जैम, सर्दियों में स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार

सर्दियों का मौसम अपने साथ सेहत के कई खजाने लेकर आता है, और उन्हीं में से एक आंवला। विटामिन 'सी', एंटीऑक्सीडेंट्स और आयरन से भरपूर आंवला हमारे इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने के साथ-साथ सर्दियों में होने वाली कई बीमारियों से भी बचाता है। आंवले से लोग कई तरह की डिशेज बनाते हैं लेकिन क्या आपने कभी आंवले का जैम ट्राय किया है।

आंवले से बनाएं मजेदार जैम, सर्दियों में स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार- India TV Hindi
Image Source : AARTI ATMARAM RECIPES/YOUTUBE आंवले से बनाएं मजेदार जैम, सर्दियों में स्वाद के साथ सेहत भी रहेगी बरकरार

सर्दियां आते ही सर्दी-खांसी और वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में इस मौसम में खान-पान का खास ध्यान रखने की जरूरत है। सर्दियों के मौसम में बाजार में आंवले आसानी से मिल जाते हैं। आंवले को सेहत के लिए सुपरफूड माना जाता है। इससे लोग कई तरह की डिशेज बनाकर खाते हैं। ज्यादातर लोग आंवले की चटनी खाना पसंद करते हैं। लेकिन क्या आपने कभी आंवले का जैम ट्राय किया है। ये खाने में स्वादिष्ट होने के साथ साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। ऐसे में यहां हम आपके लिए आंवला जैम की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। 

सामग्री

  • ताजा आंवला: 500 ग्राम
  • चीनी या गुड़: 400 से 450 ग्राम 
  • इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • दालचीनी पाउडर या छोटा टुकड़ा: आधा चम्मच
  • नींबू का रस: 1 छोटा चम्मच
  • काला नमक: आधा छोटा चम्मच 

आंवला जैम बनाने का तरीका

आंवले को उबालें: सबसे पहले आंवले को अच्छी तरह धो लें। इसके बाद एक भगोने में पानी गर्म करें और उसमें आंवले डालकर मध्यम आंच पर तब तक उबालें जब तक वे नरम न हो जाएं और उनकी कलियां अपने आप अलग होने लगें।

पल्प तैयार करें: जब आंवला ठंडा हो जाए, तो उनकी गुठलियां अलग कर लें और पल्प को मिक्सर जार में डालकर बारीक पीस लें। आप चाहें तो इसे हाथ से मैश भी कर सकते हैं, लेकिन पेस्ट बनाने से जैम की बनावट बहुत चिकनी और बाजार जैसी बनती है।

चाशनी तैयार करें: अब एक भारी तले की कढ़ाई या पैन में पिसा हुआ आंवले का पल्प और चीनी डालें। इसे मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। जैसे-जैसे चीनी घुलेगी, मिश्रण पतला होना शुरू हो जाएगा।

मसाले मिलाएं: जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे, तब इसमें काला नमक, इलायची पाउडर और दालचीनी पाउडर मिलाएं। नींबू का रस भी इसी समय डाल दें ताकि चीनी जमे नहीं।

कंसिस्टेंसी चेक करें: मिश्रण को तब तक पकाएं जब तक वह कढ़ाई छोड़ने लगे और एक गाढ़े जैम या मुरब्बे के रूप में न आ जाए। इसकी जांच के लिए एक प्लेट पर थोड़ी सी बूंद टपका कर देखें। अगर वह फैले नहीं, तो आपका जैम तैयार है। फिर इसे ब्रेड पर लगाएं। 

Latest Lifestyle News