A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. राजस्थानी स्टाइल में बनाएं पापड़ की स्वादिष्ट सब्जी, मांग मांग कर खाएंगे बच्चे बूढ़े सभी, नोट करें रेसिपी

राजस्थानी स्टाइल में बनाएं पापड़ की स्वादिष्ट सब्जी, मांग मांग कर खाएंगे बच्चे बूढ़े सभी, नोट करें रेसिपी

पापड़ का इस्तेमाल केवल साइड-डिश के रूप में ही नहीं किया जाता, बल्कि राजस्थान में इसकी सब्जी भी लोग खूब चाव से बनाते हैं। चलिए नोट कर लीजिए इसकी रेसिपी

पापड़ की सब्जी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @COOK WITH SUMAN RATHORE पापड़ की सब्जी

आपने पापड़ और मसाला पापड़ तो खूब खाया होगा, साइड डिश और स्टार्टर में इसे खूब खाया जाता है। लेकिन क्या आपने पापड की सब्जी खायी है। पापड़ की सब्जी राजस्थान और मारवाड़ की एक प्रसिद्ध रेसिपी है। अगर आपने इसकी सब्जी नहीं खाई है तो चलिए हम आपको इसकी रेसिपी बताते हैं।

पापड़ की सब्जी के लिए सामग्री

प्याज 1, अदरक 1 इंच, लहसुन 3-4, हरी मिर्च 2, उड़द दाल पापड़ 4-5, घी आवश्यकतानुसार, जीरा आधा चम्मच , सौंफ आधा चम्मच, धनिया आधा चम्मच, दही 2 कप, हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच, एक चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, काली मिर्च पाउडर आधा  चम्मच, धनिया पाउडर 1 चम्मच,  घी 2 बड़े चम्मच,  एक सूखी लाल मिर्च, चुटकी भर हींग और कसूरी मेथी, पानी आवश्यकतानुसार, हरा धनिया एक मुट्ठी

पापड़ की सब्जी बनाने का तरीका

  • सबसे पहले प्याज, अदरक, लहसुन और हरी मिर्च को मोटा-मोटा काट लें और उन्हें चॉपर में डालकर बारीक काट लें। अब, तवा गरम करें और थोड़ा सा घी डालें। इसके ऊपर पापड़ रखें और चारों तरफ से समान रूप से दबाते हुए नरम होने तक भून लें। जब ये तैयार हो जाएं, तो इन्हें मोटे टुकड़ों में तोड़ लें।

  • एक खलबट्टे में जीरा, सौंफ और साबुत धनिया को दरदरा कूट लें। एक कटोरे में दही, नमक, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें। सब कुछ अच्छी तरह फेंट लें ताकि मिश्रण एकदम चिकना हो जाए और उसमें कोई गांठ न रहे।

  • अब एक कड़ाही को तेज़ आंच पर गरम करें और उसमें घी डालें। जब घी गरम हो जाए, तो कूटे हुए मसाले, सूखी लाल मिर्च, हींग और कसूरी मेथी डालें। इन्हें चटकने दें। 

  • उसके बाद इसमें कटे हुए प्याज़ का मिश्रण डालें और चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक प्याज़ हल्के सुनहरे भूरे रंग के न हो जाएं। जब प्याज़ और मसाले अच्छी तरह पक जाएं, तो मसालों वाला दही डालें। 

  • अपनी पसंद के हिसाब से गाढ़ापन लाने के लिए पानी और नमक डालें। पापड़ के टूटे हुए टुकड़े डालकर धीरे से मिलाएं और तुरंत आंच बंद कर दें। पापड़ धीरे-धीरे ग्रेवी सोख लेंगे और थोड़े नरम हो जाएंगे। ऊपर से ताज़ा हरा धनिया डालें और अच्छी तरह मिलाएं।

  • स्वादिष्ट पापड़ की सब्ज़ी तैयार है। आप इसे अपनी पसंद की रोटी या चावल के साथ परोस सकते हैं।

Latest Lifestyle News