1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सुबह नाश्ते में बनाएं रागी इडली की हेल्दी रेसिपी, इस आसान ट्रिक से बनेंगी नरम और फूली-फूली

सुबह नाश्ते में बनाएं रागी इडली की हेल्दी रेसिपी, इस आसान ट्रिक से बनेंगी नरम और फूली-फूली

सुबह के नाश्ते में रागी इडली एक हेल्दी विकल्प है। रागी, इडली चावल और उड़द दाल के सही अनुपात के साथ बैटर को अच्छी तरह फर्मेंट करने और सही तरीके से स्टीम करने से इडली नरम, हल्की और फूली-फूली बनती है।

रागी इडली- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @YOURFOODLAB रागी इडली

अगर, आप सुबह नाश्ते में कुछ ऐसा खाना चाहते हैं जो टेस्टी होने के साथ हेल्दी भी हो, तो रागी इडली एक बेहतरीन विकल्प है। रागी कई बेहतरीन पोषक तत्वों का भंडार है जो सेहत के लिए बेहद फायदेमंद मना जाता है। हालांकि, रागी इडली बनाते समय बैटर का सही फर्मेंटेशन बेहद जरूरी होता है, वरना इडली कड़क या चिपचिपी हो सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं घर पर रागी इडली बनाने की आसान विधि।

रागी इडली के लिए सामग्री

 

रागी 1 कप, इडली चावल 1 कप, बिना छिलके वाली उड़द दाल आधा कप, मेथी दाना आधा छोटा चम्मच, पोहा आधा कप, पानी जरूरत के अनुसार, ठंडा पानी जरूरत के अनुसार, नमक स्वादानुसार, तेल इडली प्लेट ग्रीस करने के लिए

रागी इडली बनाने का तरीका

  • पहला स्टेप: रागी की इडली बनाने के लिए एक बड़े बर्तन में रागी और चावल, उड़द दाल और मेथी दाना को धोकर रखें और रातभर भिगोने के लिए रख दें।

  • दूसरा स्टेप: सुबह पानी निकालकर इन्हें मिक्सर जार में डालें और बैटर बना लें। बैटर हल्का दरदरा होना चाहिए इस बात का ध्यान रखें। बैटर को एक बड़े बर्तन में निकलकर, करीब 2-3 मिनट तक अच्छी तरह फेंटें, ताकि बैटर में हवा भर जाए।

  • तीसरा स्टेप: अब, बैटर को ढककर फर्मेंट होने के लिए पांच से छह घंटे के लिए रख दें। जब बैटर फूलकर हवादार हो जाए तो समझें कि यह तैयार है। फर्मेंट हुए बैटर को स्पैटुला से हल्के हाथों से मिलाएं। इसमें स्वादानुसार नमक डालें और मिक्स करें।

  • चौथा स्टेप: अब, स्टीमर में पानी डालकर तेज आंच पर गर्म करें और भाप बनने दें। इडली प्लेटों को तेल से ग्रीस करें और बैटर को सांचे में भरें। इडली प्लेट को स्टीमर में रखें, ढककर करीब 12-15 मिनट तक स्टीम करें। टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक साफ बाहर आती है, तो इडली अच्छी तरह पक चुकी है।

  • पांचवें स्टेप: ट्रे को सावधानी से बाहर निकालें और इडली को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद चम्मच की मदद से इडली निकालें। आपकी नरम और फूली हुई रागी इडली तैयार है। इसे नारियल की चटनी और सांभर के साथ गरमा-गरम सर्व करें। इसके अलावा आप सुबह नाश्ते में रागी थोपा भी बना सकते हैं।

Latest Lifestyle News