1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. हरी मूंग से बनाएं शाही अंदाज़ में मुगलई दाल, खाने वाले पूछेंगे आखिर क्या है इसकी रेसिपी?

हरी मूंग से बनाएं शाही अंदाज़ में मुगलई दाल, खाने वाले पूछेंगे आखिर क्या है इसकी रेसिपी?

क्या आपने मुगलई हरी मूंग की दाल का स्वाद चखा है? यह दाल टेस्ट में बेहद लाजवाब लगती है। चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह रेसिपी

हरी मूंग दाल रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @IFOOD MANIA हरी मूंग दाल रेसिपी

लोग आमतौर पर प्रोटीन से भरपूर हरी मूंग दाल की सब्जी और चीला तो मन से खाते हैं लेकिन जब भी बात दाल की आती है तो ज़्यादातर लोग नाक मुंह सिकोड़ते हैं। दरअसल, मूंग की दाल में अरहर की दाल जैसा स्वाद नहीं आता है। लेकिन आज हम आपके लिए मूंग दाल की शाही रेसिपी लेकर आए हैं। मुगलई हरी मूंग की दाल स्वाद में बेहद लाजवाब लगती है बस आपको इसे बनाने का सही तरीका पता होना चाहिए? तो चलिए जानते हैं कैसे बनाएं यह ख़ास रेसिपी?

शाही मूंग दाल के लिए सामग्री

  • साबुत हरी मूंग एक कप, हरी इलायची 4, बड़ी इलायची 2, दालचीनी 1, तेज पत्ता 2, लौंग 2-3, साबुत काली मिर्च 3-4, नमक, पानी

  • तड़का के लिए सामग्री: घी 2 चम्मच, जीरा 1 चम्मच, 2 प्याज़, लहसुन आधा चम्मच, अदरक एक इंच, हरी मिर्च 2, हींग चुटकीभर, हल्दी पाउडर आधा चम्मच, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर 2 चम्मच, धनिया पाउडर 2 चम्मच, दही आधा कप, पानी, फ्रेश क्रीम 2-3 चम्मच, भुनी हुई कसूरी मेथी आधा चम्मच, हरा धनिया

कैसे बनाएं शाही मूंग दाल?

  • सबसे पहले हरी मूंग दाल को पानी में धोएं फिर 8 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। तय समय के बाद एक कॉटन के कपड़े में हरी इलायची, बड़ी इलायची तेज पत्ता, लौंग और साबुत काली मिर्च डालकर पोटली बना लें। अब कुकर में दाल डालें, साथ ही मसालों की पोटली भी डालें। 3 सीटी आने तक दाल को पकाएँ। इस बात का ध्यान रखें कि दाल पूरी तरह पकनी चाहिए, लेकिन उसका आकार भी बना रहना चाहिए ताकि बनावट अच्छी रहे।

  • अब गैस ऑन कर एक कड़ाही को तेज़ आंच पर रखें और गर्म होने दें, फिर उसमें तेल, घी डालें। इसके बाद जीरा और प्याज़ डालें, अच्छी तरह मिलाएं और मीडियम आंच पर तब तक पकाएं जब तक प्याज़ गोल्डन ब्राउन हो न हो जाए। जब प्याज़ सुनहरे रंग का हो जाए, तो उसमें लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालें और इन्हें भी पकाएं

  • इसके बाद हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डालें और मिलाएं। उसके बाद थोड़ा पानी डालें और आंच तेज़ करके मसालों को 3-4 मिनट तक पकाएँ। अब इसमें फेंटा हुआ दही और नमक डालें और लगातार चलाते रहें, फिर तब तक पकाएँ जब तक तेल अलग न हो जाए। जब तेल अलग हो जाए, तो उबली हुई दाल डालें और अच्छी तरह मिलाए। दाल को चेक करें उसकी कंसिस्टेंसी देखें। जब वह गाढ़ी हो जाए तब उसमें फ्रेश क्रीम, भुना हुआ कसूरी मेथी पाउडर डालें और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिलाएं। आपकी मुग़लाई दाल तैयार है, इसे चावल के साथ परोसें।

Latest Lifestyle News