1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. डिनर में बनाएं कटहल के कोफ्ते, उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान,आसान है रेसिपी

डिनर में बनाएं कटहल के कोफ्ते, उंगलियां चाटते रह जाएंगे मेहमान,आसान है रेसिपी

आपने कोफ्ते तो कई तरह के खाए होंगे लेकिन क्या आपने कभी कटहल का कोफ्ता ट्राय किया है। ये खाने में लाजवाब लगता है और इसे बनाना भी बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए इसकी रेसिपी लेकर आए हैं।

डिनर में बनाएं कटहल के कोफ्ते- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC डिनर में बनाएं कटहल के कोफ्ते

कटहल का सीजन हो और इसकी सब्जी न बने, ऐसा हो ही नहीं सकता। हर घर में कटहल की अलग अलग तरह की सब्जी बनाई जाती है। लेकिन अगर घर में मेहमान आ रहे हों, तो कुछ खास बनाना तो बनता है। अगर आप वही पुरानी कटहल की सूखी या ग्रेवी वाली सब्जी बनाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार 'कटहल के कोफ्ते' ट्राई करें। कटहल के कोफ्ते का स्वाद इतना लाजवाब होता है कि मेहमान ऊंगलियां चाटते रह जाएं। यहां हम आपके लिए कटहल के कोफ्ते की रेसिपी लेकर आए हैं। तो बिना देरी किए नोच कर लें रेसिपी। 

सामग्री

कोफ्तों के लिए

  • 500 ग्राम कटहल (उबला और मैश किया हुआ)
  • 2 मध्यम उबले आलू
  • 4 बड़े चम्मच बेसन
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी
  • आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • स्वादानुसार नमक और तलने के लिए तेल।

ग्रेवी के लिए

  • 2 बड़े प्याज (बारीक कटे या पेस्ट)
  • 2 टमाटर की प्यूरी
  • 1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
  • 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर
  • आधा छोटा चम्मच जीरा
  • 2 हरी इलायची
  • 1 तेजपत्ता
  • 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
  • आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
  • आधा कप ताजा दही (फेंटा हुआ)
  • 2 चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा)
  • 3 बड़े चम्मच सरसों का तेल या घी।

कोफ्ता बनाने का तरीका

स्टेप 1: सबसे पहले कुकर में कटहल और आलू को उबाल लें। जब ये उबल जाए तो इसे ठंडा होने दें। इसे ठंडे पानी में भी डाल सकते हैं। अब उबले हुए कटहल और उबले आलू को एक बड़े बर्तन में अच्छी तरह मैश कर लें। अब इसमें बेसन, अदरक-लहसुन पेस्ट, हल्दी, लाल मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर मिला लें। इस मिश्रण से छोटी-छोटी गोल कोफ्ते बना लें।

स्टेप 2: अब एक कढ़ाई लें और उसमें तेल गर्म करें। फिर धीमी से मध्यम आंच पर कोफ्तों को सुनहरा होने तक तलकर निकाल लें।

स्टेप 3: अब एक दूसरी कढ़ाई लें और उसमें 3 चम्मच तेल या घी गर्म करें। फिर इसमें जीरा, तेजपत्ता और हरी इलायची का तड़का लगाएं। इसके बाद प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें।

स्टेप 4: प्याज भून जाने पर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और 1 मिनट चलाएं। अब टमाटर की प्यूरी, हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर तब तक भूनें जब तक कि मसाले से तेल अलग न होने लगे।

स्टेप 5:  इसके बाद आंच धीमी करके फेंटा हुआ दही डालें और लगातार चलाते रहें ताकि दही फटे नहीं। जब मसाला पक जाए, तो इसमें डेढ़ से दो कप गरम पानी मिलाएं और ग्रेवी में उबाल आने दें।

स्टेप 6: जब ग्रेवी पककर गाढ़ी होने लगे, तो इसमें तले हुए कटहल के कोफ्ते, कसूरी मेथी और गरम मसाला डालें। इसे ढककर धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकने दें ताकि कोफ्ता सारे मसालों का स्वाद सोख लें। फिर इसे गरमा गरम पराठे के साथ सर्व करें। 

Latest Lifestyle News