जैसे जैसे सर्दियां नजदीक आ रही है वैसे वैसे चटपटा खाने की क्रेविंग लोगों की बढ़ती जा रही है। ब्रेकफास्ट से लेकर डिनर तक हर वक्त कुछ न कुछ चटपटा खाने का मन करता है। ऐसे में ज्यादातर लोग पराठे खाना पसंद करते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी डिश के बारे में बताने जा रहे हैं जो ब्रेकफास्ट के लिए बेस्ट ऑप्शन है। इसके साथ ही ये सेहत के लिहाज से भी बेनिफिशियल है। हम यहां जिस डिश की बात कर रहे हैं उसका नाम है मसूर दाल की टिक्की। इसे बनाना बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए इसकी आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- मसूर दाल (साबुत या लाल मसूर): 1 कप (भीगोई और उबली हुई)
- उबले हुए आलू: 2 मध्यम आकार के (मैश किए हुए)
- प्यार: 1 बारीक कटा हुआ
- हरी मिर्च: 2 बारीक कटी हुई
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- लाल मिर्च पाउडर (स्वादानुसार)
- हल्दी पाउडर (1/2 छोटा चम्मच)
- गरम मसाला (1/2 छोटा चम्मच)
- अमचूर पाउडर या चाट मसाला (1 छोटा चम्मच)
- नमक
- बाइंडिंग के लिए: 2-3 बड़े चम्मच ब्रेड क्रम्ब्स या भुना हुआ बेसन
- सेकने या तलने के लिए: तेल या घी
बनाने का तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले मसूर दाल को अच्छी तरह धोकर 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद इसे हल्का नमक डालकर उबाल लें, ताकि दाल गल जाए लेकिन बहुत ज्यादा मैशी न हो। दाल का सारा एक्सट्रा पानी निकाल दें।
स्टेप 2: इसके बाद एक बड़े बाउल में उबली हुई मसूर दाल और उबले हुए मैश किए हुए आलू डालें। अब इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरा धनिया मिलाएं।
स्टेप 3: इसके बाद मिश्रण में लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालें। क्रिस्पी टेक्सचर और अच्छी बाइंडिंग के लिए इसमें ब्रेड क्रम्ब्स या भुना हुआ बेसन मिलाएं। सभी सामग्री को हाथों से अच्छी तरह मिलाते हुए एक डो की तरह तैयार कर लें।
स्टेप 4: अब हाथों पर थोड़ा सा तेल लगाएं, मिश्रण से थोड़ा सा हिस्सा लें और उसे गोल आकार देकर हथेलियों के बीच दबाकर टिक्की का शेप दें। इसी तरह सभी मिश्रण से टिक्की तैयार कर लें।
स्टेप 5: अब एक नॉन-स्टिक पैन या तवे को मध्यम आंच पर गरम करें और उस पर थोड़ा तेल या घी लगाएं। टिक्कियों को पैन में रखें और दोनों तरफ से सुनहरा भूरा और क्रिस्पी होने तक मध्यम आंच पर अच्छी तरह सेक लें।
स्टेप 6: आपकी गरमा-गरम, क्रिस्पी और हेल्दी मसूर दाल की टिक्की तैयार है। इसे हरी धनिया-पुदीने की चटनी, इमली की खट्टी-मीठी चटनी या अपनी मनपसंद सॉस के साथ सुबह के नाश्ते में सर्व करें। यह स्वाद के साथ-साथ सेहत से भी भरपूर है।
Latest Lifestyle News