सुबह के नाश्ते को दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन माना जाता है। अगर नाश्ता हेल्दी और स्वादिष्ट हो, तो दिनभर शरीर में ऊर्जा बनी रहती है। अक्सर लोग सुबह की भागदौड़ में यह तय नहीं कर पाते कि ऐसा क्या बनाया जाए जो जल्दी भी बने और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। अगर आप भी अपने परिवार को कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट खिलाना चाहते हैं, तो प्रोटीन से भरपूर पालक पराठा बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। पालक में आयरन, फोलेट, विटामिन-A, C और के अलावा भरपूर मात्रा में फाइबर होता है। यहां हम आपके लिए पालक पराठा की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं।
सामग्री
- पालक: 2 कप (बारीक कटी हुई या उबली हुई प्यूरी)
- गेहूं का आटा: 2 कप
- पनीर (कद्दूकस किया हुआ): ½ कप (प्रोटीन बढ़ाने के लिए)
- बेसन: 2 बड़े चम्मच
- अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- अजवाइन: ½ छोटा चम्मच
- हींग: एक चुटकी
- गरम मसाला व अमचूर पाउडर: ½-½ छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- देशी घी या तेल: सेंकने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। आप चाहें तो इसे बारीक काट सकते हैं या हल्का सा उबालकर मिक्सी में पीसकर स्मूथ प्यूरी बना सकते हैं।
स्टेप 2: एक बड़े बर्तन या परात में गेहूं का आटा निकालें। इसमें बेसन, कद्दूकस किया हुआ पनीर, पालक, अदरक-हरी मिर्च का पेस्ट, अजवाइन, हींग, गरम मसाला, अमचूर और नमक मिलाएं।
स्टेप 3: सभी सामग्रियों को हाथ से अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रहे कि पालक और पनीर में खुद का मॉइस्चर होता है, इसलिए शुरुआत में पानी न डालें। जरूरत पड़ने पर ही थोड़ा-थोड़ा पानी मिलाकर एक नरम आटा गूंध लें। आटे पर थोड़ा-सा घी लगाकर 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें।
स्टेप 4: आटे की मध्यम आकार की लोइयां बनाएं। लोई को सूखे आटे में लपेटकर बेलन की मदद से गोल या त्रिकोण आकार में बेल लें।
स्टेप 5: तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें। बेले हुए पराठे को तवे पर डालें। जब पराठा एक तरफ से हल्का सिक जाए, तो इसे पलटें और घी या तेल लगाएं। दोनों तरफ से हल्का दबाते हुए सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। फिर इसे प्लेट में निकालें और इसका आनंद लें।
Latest Lifestyle News