1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बिना मैदा सिर्फ गेहूं के आटे से बनाएं पूरन पोली, इस ट्रिक्स से बनेगी एकदम सॉफ्ट और फूली फूली, नोट करें विधि

बिना मैदा सिर्फ गेहूं के आटे से बनाएं पूरन पोली, इस ट्रिक्स से बनेगी एकदम सॉफ्ट और फूली फूली, नोट करें विधि

अगर आप भी उन लोगों में से हैं जिन्हें पूरन पोली का स्वाद बेहद पसंद आता है तो हम आपके लिए इसकी खास रेसिपी लेकर आए हैं, चलिए जानते हैं बिना मैदे के इसे कैसे बनाएं?

पूरन पोली बनाने की विधि- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पूरन पोली बनाने की विधि

पूरन पोली एक महराष्ट्रियन पारंपरिक डिश है जिसका स्वाद बेहद लाजवाब लगता है। इसे इसे आमतौर पर मैदा और गेंहू के कॉम्बिनेशन से तैयार किया जाता है। लेकिन अगर आप बिना मैदे वाली पूरन पोली बनाना चाहते हैं तो हम आपके लिए इसकी आसान रेसिपी लेकर आए हैं। चलिए जानते हैं बिना मैदा सिर्फ गेहूं के आटे से यह रेसिपी कैसे बनाएं?

पूरन पोली बनाने के लिए सामग्री

  • आटे के लिए: गेहूं का आटा 1 कप, हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच, नमक आधा छोटा चम्मच, एक चम्मच घी, पानी

  • भरावन के लिए सामग्री: चना दाल 1 कप, गुड़ तीन चौथाई कप, घी 1 छोटा चम्मच, इलायची पाउडर आधा छोटा चम्मच, जायफल पाउडर आधा छोटा चम्मच

पूरन पोली बनाने की विधि

  • पहला स्टेप: पूरन पोली बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप चने की दाल को रात में पानी में भिगोकर रखें। अगली सुबह कुकर में पानी और चना डालें। चना पूरी तरह पक जाए इसलिए छह से सात सिटी के बाद उसे उतारें। जब चना ठंडा हो जाए तब उसे पानी से बाहर निकालें और उसमें गुड़ का पाउडर मिलाएं। इस बात का ध्यान रखें कि चने का पानी पूरी तरह से छन जाना चाहिए। अब सील बट्टे पर चने को एकदम बारीक पीस लें। पीसने के बाद उसमें इलायची और जायफल पाउडर मिलाएं। आपका भरावन तैयार है।

  • दूसरा स्टेप: अब आटा गूंथने की तैयारी करें। एक बड़ी थाली में गेंहू का आटा, हल्दी पाउडर, नमक और एक चम्मच घी डालकर आपस में अच्छी तरह से मिलाएं। अब आटे को अच्छी तरह से सॉफ्ट होने तक गूंथ लें। इस बात का ध्यान रखें कि मैदा नहीं मिलाया है इसलिए इसे ज़्यादा गूंथना होगा। गूंथने के बाद आटे पर घी लगाएं और उसे आधा पौने घंटा कॉटन के कपड़े से ढककर सेट होने के लिए रख दें। इस स्टेप को फॉलो करने से पूरी नरम और फूली फूली बनती है 

  • तीसरा स्टेप: तय समय के बाद कपड़ा हटाएं और आटे में एक चम्मच घी डालकर उसको एक बार फिर से गूंथें। अब आटे की लोई लें और उसे गहरा कर भरावन डालें और अच्छी तरह से सील कर दें। अब एक ज़िपर प्लास्टिक को काटें और उसके ऊपर पूरी को रखें और हाथों से थपथाएं। उसके बाद हलके हाथों से पूरी को बेलन से बेलें। इसे तब तक बेलना है जब तक वह पतली न हो जाए।

  • चौथा स्टेप: अब गैस पर पैन रखें और उसे घी से ग्रीस करें। उसके बाद पूरी को पैन पर रखें और दोनों साइड से ब्राउन होने तक अच्छी तरह से पकाएं। इस तरह आपकी पूरन पोली तैयार है। आमरस या दही के साथ इसका लुत्फ़ उठाएं।

Latest Lifestyle News