1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. झटपट वाला मूली का अचार बनाकर खाएं, गजब का स्वाद मिलेगा, नोट कर लें रेसिपी

झटपट वाला मूली का अचार बनाकर खाएं, गजब का स्वाद मिलेगा, नोट कर लें रेसिपी

खाने के साथ कुछ चटपट और तीखा खाने का मन है तो आप इंस्टेंट मूली का अचार बना सकते हैं। मूली का अचार कई दिनों में बनकर तैयार होता है। लेकिन इस रेसिपी से आप झटपट वाला मूली का अचार बनाकर खा सकते हैं। नोट कर लें रेसिपी।

मूली का अचार रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV मूली का अचार रेसिपी

इन दिनों ताजा मूली बाजार में मिलने लगी है। मूली को पेट के लिए बहुत फायदेमंद माना जाता है। आप मूली का साग, मूली के पराठे, मूली का सलाद या सब्जी बनाकर खा सकते हैं। अगर आपको अचार खाना पसंद है तो मूली का स्वादिष्ट अचार भी बना सकते हैं। आज हम आपको मूली का अचार बनाने की ऐसी रेसिपी बता रहे हैं जिसे न धूप में रखने की जरूरत होगी और न ही कई दिन अचार के सेट होने का इंतजार करना होगा। आप इसे झटपट खाने की तरह बनाकर खा सकते हैं। आइये जानते हैं इंस्टेंट मूली का अचार कैसे बना सकते हैं। तुरंत खाने वाले मूली के अचार की रेसिपी। 

मूली का अचार बनाने के लिए सामग्री

2 मूली को छीलकर लंबी-लंबी काट लें। 2 हरी मिर्च को लंबी काट लें। थोड़ा तेल और मसालों में 1 छोटी चम्मच जीरा, 2 चुटकी हींग, 2 चम्मच धनिया पाउडर, ½ चम्मच हल्दी पाउडर, ½ चम्मच लाल मिर्च पाउडर, नमक स्वादानुसार, 1 चम्मच पिसी हुई राई, ½ चम्मच अमचूर पाउडर, गार्निशिंग के लिए हरा धनिया ले लें।

मूली का अचार रेसिपी

पहला स्टेप- अचार बनाने के लिए कढ़ाई में तेल गरम करें। तेल में जीरा और हींग डाल दें। अब तुरंत ही लंबी कटी हुई हरी मिर्च डालकर मिर्च को हल्का भून लें। इसमें लंबी-लंबी कटी हुई मूली डालकर अच्छी तरह फ्राई करें।

दूसरा स्टेप- अब मसाले मिला दें। मूली में धनिया पाउडर, हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर मसाले को अच्छी तरह मिक्स करें। थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर मूली को पकने दें। भाप में पकने पर मूली काफी जल्दी नरम हो जाती है। 

तीसरा स्टेप- ऊपर से पिसी हुई राई और अमचूर पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब आपको जितना गला हुआ अचार खाना पसंद हो मूली को उतना पका लें। ऊपर से हरा धनिया डालकर गार्निश करें। तैयार है तुरंत खाने वाला मूली का अचार।

इसे ठंडा होने पर किसी जार में स्टोर कर लें। इस तरह बना अचार वैसे तो तुरंत ही खाया जाता है। लेकिन आप इसे 1-2 दिन तक खा सकते हैं। ये मूली का अचार इतना स्वादिष्ट बनता है कि आप 1-2 रोटी ज्यादा खा जाएंगे।

 

Latest Lifestyle News