आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग सुबह का नाश्ता नहीं करते। तो कुछ लोग वजन घटाने के चक्कर में ब्रेकफास्ट स्किप कर देते हैं। लेकिन शायद आपको पता नहीं है कि सुबह का ब्रेकफास्ट ऐसा होना चाहिए जो न केवल झटपट बन जाए, बल्कि दिनभर के लिए भरपूर एनर्जी भी दे। अगर आप पराठे और पोहे से हटकर कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं, तो रागी चीला आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। रागी को आयुर्वेद में 'सुपरफूड' माना गया है। यह वजन घटाने, डायबिटीज कंट्रोल करने और हड्डियों को मजबूत बनाने में बेहद मददगार है। आइए जानते हैं इसे बनाने की आसान और क्विक रेसिपी।
सामग्री
- रागी का आटा: 1 कप
- सूजी या बेसन (बाइंडिंग के लिए): 1/4 कप
- दही: 1/4 कप (हल्का खट्टा)
- बारीक कटा प्याज: 1 छोटा चम्मच
- बारीक कटी शिमला मिर्च और गाजर: 1/2 कप
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- अदरक का पेस्ट: 1/2 छोटा चम्मच
- जीरा पाउडर और चाट मसाला: 1/2 छोटा चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- पानी: बैटर तैयार करने के लिए
- तेल या घी: चीला सेकने के लिए
बनाने का तरीका
स्टेप 1
सबसे पहले एक बड़े मिक्सिंग बाउल में रागी का आटा, सूजी या बेसन और दही को अच्छी तरह मिला लें। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए पकोड़े के घोल जैसा स्मूथ बैटर तैयार करें। ध्यान रहे कि इसमें गुठलियां न पड़ें।
स्टेप 2
इस घोल में कटी हुई प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, हरी मिर्च, अदरक का पेस्ट और हरा धनिया डालें। इसके बाद जीरा पाउडर, चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। बैटर को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए।
स्टेप 3
अब एक नॉन-स्टिक तवा या डोसा पैन गैस पर गर्म करें। तवे पर थोड़ा सा घी या तेल लगाकर उसे चिकना कर लें।
स्टेप 4
गैस की आंच को धीमा करें और तवे के बीच में एक बड़ा चम्मच बैटर डालें। इसे डोसे की तरह गोल घुमाते हुए फैलाएं। इसके किनारों पर थोड़ा सा घी या तेल लगाएं।
स्टेप 5
चीले को मध्यम आंच पर तब तक पकने दें जब तक कि इसकी ऊपरी सतह सूखी न दिखने लगे और किनारे तवे को छोड़ने न लगें। अब इसे सावधानी से पलट दें और दूसरी तरफ से भी सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें।
Latest Lifestyle News