1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गणेश चतुर्थी पर सत्तू से बनाएं मोदक, बप्पा को लगाएं भोग, ये है मोदक की सबसे आसान रेसिपी

गणेश चतुर्थी पर सत्तू से बनाएं मोदक, बप्पा को लगाएं भोग, ये है मोदक की सबसे आसान रेसिपी

गणेश चतुर्थी पर घरों में मोदक बनाकर बप्पा को भोग लगाया जाता है। ज्यादातर लोग बाजार से मोदक खरीदकर लाते हैं। लेकिन आज हम आपको घर में सत्तू से मोदक बनाने की आसान रेसिपी बता रहे हैं। आइये जानते हैं सत्तू मोदक कैसे बनाते हैं।

सत्तू मोदक रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV सत्तू मोदक रेसिपी

गणपति बप्पा आने वाले हैं। हर कोई गणेश चतुर्थी 2026 की तैयारियों में जुटा है। कहीं बप्पा का दरबार सजाया जा रहा है तो कहीं बप्पा के पसंदीदा मोदक बनाए जा रहे हैं। इस गणेश चतुर्थी पर आप चना सत्तू से स्वादिष्ट मोदक बना सकते हैं। चना सत्तू से दो तरह से मोदक बनाकर तैयार किए जा सकते हैं। ये मोदक बनाने में बेहद आसान और खाने में सुपर स्वादिष्ट लगते हैं। आइये जानते हैं सत्तू मोदक की रेसिपी

सत्तू मोदक बनाने का पहला तरीका

पहला स्टेप- सत्तू के मोदक बनाने के लिए आप भुने हुए चने ले लें। चने का छिलका हटा दें और अब भुने चने को मिक्सी में डालकर बारीक पीसकर पाउडर बना लें। सत्तू को किसी बड़े बाउल में निकाल लें। इसी मिक्सी में स्वादानुसार चीनी और थोड़ा नारियल का पाउडर डालकर इसमें 2-3 हरी इलायची के बीज डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इस पिसी चीनी वाले पाउडर को सत्तू पाउडर में मिला दें।

दूसरा स्टेप- अब थोड़ा गाढ़ा सा दूध लें और तैयार किए गए पूरे मिश्रण में थोड़ा-थोड़ा डालकर आटे जैसा तैयार कर लें। आपको इसे बहुत पतला नहीं करना है। अब अपनी पसंद के हिसाब से मेवा लें और उन्हें बारीक काट लें। हम काजू, बादाम और किशमिश का इस्तेमाल कर रहे हैं।

तीसरा स्टेप- मोदक का सांचा लें और उसमें थोड़ा मोदक वाला तैयार किया आटा रखें और अंगूठे की मदद से बीच में थोड़ा गैप बनाकर उसमें थोड़े कटे काजू, बादाम और किशमिश रख दें। ऊपर से थोड़ा सत्तू वाला आटा और लगाएं और इसे दबाकर सेट कर लें।  अब आराम से सत्तू मोल्ड को खोल दें।

बिना गैस जलाए और बिना पकाए स्वादिष्ट मोदक बनकर तैयार हैं। आप इन्हें गणपति बप्पा को भोग के रूप में चढ़ाएं। परिवार के लोगों को प्रसाद के रूप में खिलाएं।

सत्तू मोदक बनाने का दूसरा तरीका  

पहला स्टेप- सत्तू मोदक बनाने का एक और दूसरा तरीका है जिससे मोदक महीनों खराब नहीं होगे। इसके लिए चना सत्तू ले लें। सत्तू को थोड़ा घी डालकर कड़ाही में भून लें। आपको इसे बेसन की तरह ही भूनना है लेकिन सत्तू पहले से भुना होता है तो इसे बहुत ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं पड़ती।

दूसरा स्टेप- 15-20 मिनट में धीमी आंच पक सत्तू भुन जाएगा। अब इसमें बूरा और पसंदीदा ड्राई फ्रूट्स मिलाकर मोदक की शेप में सारे बनाकर तैयार कर लें। अगर आप कम घी का इस्तेमाल कर रहे हैं तो इसमें थोड़ी चीनी की चाशनी बनाकर भी मिला सकते हैं। इससे मोदक का डो आसानी से तैयार हो जाता है।

इस तरह तैयार किए गए मोदक काफी लंबे समय तक चलते हैं। इनमें आने वाला ड्राई फ्रूट्स का स्वाद मोदक को और भी खास बना देता है। आप इसे बप्पा के भोग में रोजाना चढ़ा सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News