A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. पके केले से बनाएं नमर-नरम मालपुआ, अधिक मास में करें पुए का दान, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

पके केले से बनाएं नमर-नरम मालपुआ, अधिक मास में करें पुए का दान, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Malpua With Banana Recipe: पके केले से बहुत ही नरम मालपुआ बनकर तैयार होते हैं। अधिक मास में मालपुआ दान करने का महत्व होता है। आप इस रेसिपी से घर में आसानी से मालपुआ बनाकर दान कर सकते हैं।

केला वाले मालपुआ की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV केला वाले मालपुआ की रेसिपी

मालपुआ खाने में बहुत टेस्टी लगते हैं। आप पके हुए केले से मालपुआ बनाकर खा सकते हैं। अधिक मास यानि पुरुषोत्तम मास में मालपुआ दान करने का विशेष महत्व होता है। आप घर में बड़ी आसान रेसिपी से स्वादिष्ट मालपुए बना सकते हैं। केला डालने से मालपुआ बहुत ही मुलायम बनेंगे। आपको इसमें मावा या बेकिंग सोडा डालने की भी जरूरत नहीं होगी। फटाफट नोट कर लें मालपुआ बनाने की सामग्री और मालपुआ की आसान रेसिपी।

मालपुआ की आसान रेसिपी

पहला स्टेप- मालपुआ बनाने के लिए आप 1 कप मैदा ले लें। इसमें आधा कप से थोड़ा कम सूजी डाल दें। अब 1 बड़ा पका केला मिक्सी में डालें और 1 कप दूध डालकर अच्छी तरह से पीस लें। अब दूध और केले वाले मिश्रण को मैदा और सूजी में मिला दें। जरूरत के हिसाब से पानी डालते हुए गाढ़ा बैटर तैयार कर लें।

दूसरा स्टेप- अब इसे सेट होने के लिए आधा घंटे के लिए रख दें। इससे बैटर अच्छी तरह से फूल जाएगा और मालपुआ भी मुलायम बनेंगे। तब तक मालपुआ के लिए चाशनी बना लें। इसके लिए 1 गिलास चीनी लें और उसमें आधा गिलास पानी डालकर लगातार चीनी को घुलने तक पकाएं। स्वाद के लिए पिसी इलायची और थोड़ी केसर डाल दें। चाशनी को बहुत गाढ़ा नहीं बनाना है। चाशनी को जमने से बचाने के लिए 1-2 बूंद नींबू का रस मिला दें।

तीसरा स्टेप- अब घोल को एक बार अच्छी तरह से मिक्स कर दें। एक पैन या कड़ाही लें और उसमें तेल या घी गर्म करें। मालपुआ बनाने के लिए फ्लेट कड़ाही अच्छी होती है। जब तेल गर्म हो जाए तो चमचा या किसी छोटी कटोरी की मदद से घोल के तेल में डालें। घोल डालते ही फैल जाएगा और मलापुआ की शेप बन जाएगी। अगर मालपुआ बहुत बड़े नहीं हो रहे हैं तो घोल को थोड़ा पतला कर लें।

चौथा स्टेप- अब मीडियम फ्लेम पर मालपुआ को ब्राउन होने तक फ्राई करें। तेल से मालपुआ को निकालें और कसकर निचोड़ दें, जिससे एक्स्ट्रा तेल निकल जाए। अब सिंके हुए मालपुआ को चाशनी में डाल दें। इसी तरह सारे मालपुआ बनाकर तैयार कर लें। मालपुआ को थोड़ी देर बाद चाशनी से निकाल लें और सर्व करें।

  

Latest Lifestyle News