A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. सुबह नाश्ते में बनाएं मूंग दाल की सॉफ्ट सॉफ्ट इडली, हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए नोच कर लें रेसिपी

सुबह नाश्ते में बनाएं मूंग दाल की सॉफ्ट सॉफ्ट इडली, हेल्दी ब्रेकफास्ट के लिए नोच कर लें रेसिपी

सुबह की भागदौड़ में क्या आपको भी समझ नहीं आता कि ब्रेकफास्ट क्या बनाया जाए। तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम मूंग दाल इडली की इंस्टेंट रेसिपी लेकर आए हैं जो मिनटों में बनकर तैयार हो जाएगा। नोट कर लें रेसिपी।

मूंग दाल की सॉफ्ट सॉफ्ट इडली- India TV Hindi
Image Source : BUTTER KITCHEN/YOUTUBE मूंग दाल की सॉफ्ट सॉफ्ट इडली

सुबह की भागदौड़ में अक्सर लोगों को समझ नहीं आता कि ब्रेकफास्ट में क्या बनाया जाए। ज्यादातर लोग ब्रेकफास्ट में ब्रेड या सैंडविच ही शामिल करते हैं। लेकिन लोग सोशल मीडिया पर सर्च करते रहते हैं ऐसा नाश्ता जो झटपट बन जाए, स्वाद में लाजवाब हो और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। अगर आप भी इंस्टेंट रेसिपी की तालाश में हैं तो मूंग दाल की इडली आपके लिए परफेक्ट है। यहां हम आपके लिए मूंग दाल इडली की झटपट बनने वाली रेसिपी लेकर आए हैं। यह प्रोटीन से भरपूर, पचाने में आसान और कैलोरी में कम है। यहां से फटाफट नोट कर लें रेसिपी। 

सामग्री 

  • धुली मूंग दाल: 1 कप (2 घंटे भीगी हुई)
  • दही: ½ कप (हल्की खट्टी)
  • सूजी (रवा): ¼ कप (बाइंडिंग के लिए)
  • हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट: 1 चम्मच
  • ईनो या बेकिंग सोडा: 1 छोटा चम्मच
  • नमक: स्वादानुसार
  • बारीक कटा हरा धनिया: 2 चम्मच
  • तड़के के लिए: 1 चम्मच तेल, ½ चम्मच राई, 7-8 कड़ी पत्ता, 1 चम्मच चने की दाल।

बनाने का तरीका

  1. भीगी हुई मूंग दाल को पानी से निकालकर उसे मिक्सर में डालें। साथ में दही, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर बिना पानी मिलाए एक स्मूथ बैटर तैयार कर लें।
  2. पिसे हुए बैटर को एक बड़े बर्तन में निकालें। इसमें सूजी और स्वादानुसार नमक मिलाएं। सूजी डालने से इडली का टेक्सचर बहुत बढ़िया और स्पंजी बनता है। इस मिश्रण को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी फूल जाए।
  3. एक छोटे पैन में तेल गर्म करें। इसमें राई, चने की दाल और कड़ी पत्ता डालकर चटकाएं। इस खुशबूदार तड़के और कटे हुए धनिए को मूंग दाल के बैटर में डालकर अच्छी तरह मिला लें।
  4. इडली मेकर में पानी गर्म होने के लिए रखें और इडली सांचों को तेल लगाकर ग्रीस कर लें।
  5. अब बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा डालें और ऊपर से एक चम्मच पानी डालकर इसे मिलाएं। बैटर एकदम फूल जाएगा।
  6. तुरंत बैटर को इडली के सांचों में भरें और तेज आंच पर 10 से 12 मिनट के लिए स्टीम करें। फिर इसे नारियल की चटनी के साथ सर्व करें। 

Latest Lifestyle News