शाम की चाय के साथ अक्सर लोगों का मन कुछ चटपटा और मसालेदार खाने का करता है। ऐसे में लोग शाम की चाय के साथ समोसे और ब्रेड पकौड़े जैसी चीजें खाते हैं। लेकिन क्या कभी आपने मलासा मैकरोनी ट्राय की है। यह खाने में गजब लगती है और शाम की चाय के लिए परफेक्ट ऑप्शन भी है। ऐसे में यहां हम आपके लिए मसाला मैक्रोनी की आसान सी रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट कर लें आसान सी रेसिपी।
सामग्री
- मैकरोनी: 2 कप
- प्याज: 1 बड़ा (बारीक कटा हुआ)
- टमाटर: 2 बड़े (बारीक कटे हुए या प्यूरी)
- हरी मिर्च: 2 (बारीक कटी हुई)
- अदरक-लहसुन का पेस्ट: 1 छोटा चम्मच
- शिमला मिर्च: 1 (बारीक कटी हुई)
- मसाले: आधा छोटा चम्मच हल्दी, 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच गरम मसाला
- मैगी मसाला (या पास्ता मसाला): 1 पैकेट (स्वाद बढ़ाने के लिए)
- टोमैटो केचप: 2 बड़े चम्मच
- तेल या बटर: 2 बड़े चम्मच
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- नमक: स्वादानुसार
स्टेप 1
सबसे पहले एक बर्तन में 4-5 कप पानी उबालें। पानी में उबाल आने पर आधा छोटा चम्मच नमक और 1 छोटा चम्मच तेल डालें। अब इसमें मैकरोनी डालें और 8 से 10 मिनट तक मध्यम आंच पर उबलने दें। जब मैकरोनी मुलायम हो जाए, तो गैस बंद कर दें और इसका पानी छानकर इसे ठंडे पानी से धो लें।
स्टेप 2
अब एक कढ़ाई में तेल या बटर गरम करें। इसमें बारीक कटी हरी मिर्च और अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड के लिए भूनें। इसके बाद कटा हुआ प्याज डालें और उसे हल्का गुलाबी होने तक पकाएं।
स्टेप 3
प्याज भूनने के बाद इसमें कटे हुए टमाटर डालें और तब तक पकाएं जब तक कि टमाटर गल न जाएं। अब इसमें बारीक कटी शिमला मिर्च डालें और 2 मिनट तक भूनें। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 4
जब मसाले तेल छोड़ने लगें, तो इसमें टोमैटो केचप और मैगी मसाला डालें। अब उबली हुई मैकरोनी को कढ़ाई में डालें और हल्के हाथों से मसाले के साथ मिक्स करें ताकि मैकरोनी टूटे नहीं। इसे धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकने दें ताकि सारे मसालों का फ्लेवर मैकरोनी के अंदर तक चला जाए।
स्टेप 5
आपकी गरमा-गरम और चटपटी मसाला मैकरोनी बनकर तैयार है। गैस बंद करें, ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डालें और शाम की कड़क चाय के साथ इसका आनंद लें।
Latest Lifestyle News