सुबह ब्रेकफास्ट में आलू के पराठे मिल जाए तो बच्चों का मूड फ्रेश हो जाता है। ज्यादातर लोग नाश्ते में आलू पराठा खाना पसंद करते हैं। इसके साथ अगर दही, अचार मिल जाए तो ये सोने पर सुहागा वाली बात हो जाती है। लेकिन आलू पराठे का स्वाद तब आता है जब ये कुरकुरे बने। कई लोग घर पर ढाबा स्टाइल कुरकुरा आलू पराठा बनाना तो चाहते हैं लेकिन बना नहीं पाते। पराठा कभी ज्यादा नरम हो जाता है, तो कभी बेलते समय फटने लगता है। अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। यहां हम आपके लिए परफेक्ट आलू पराठा की रेसिपी लेकर आए हैं जिसकी मदद से आप घर पर ही आसानी से क्रिस्पी आलू पराठा बना सकते हैं। चलिए जानते है तरीका।
सामग्री
आटे के लिए
- 2 कप गेहूं का आटा
- स्वादानुसार नमक
- जरूरत के अनुसार पानी
आलू की स्टफिंग के लिए
- 4-5 उबले हुए आलू
- 1-2 हरी मिर्च, बारीक कटी हुई
- 1 छोटा चम्मच अदरक, बारीक कटा या कद्दूकस किया हुआ
- 2 बड़े चम्मच हरा धनिया, बारीक कटा हुआ
- ½ छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- ½ छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर
- ½ छोटा चम्मच अमचूर पाउडर
- ¼ छोटा चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
क्रिस्पी आलू पराठा बनाने का तरीका
स्टेप 1
आलू पराठा के लिए बहुत ज्यादा सॉफ्ट आटा नहीं गूंथे। इसके लिए 2 कप गेहूं के आटे में थोड़ा सा नमक डालें। इसे मध्यम नरम गूंथे। इसके बाद इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें।
स्टेप 2
अब स्टफिंग तैयार करें। 4 से 5 उबले हुए आलू लें। इन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। इसके बाद इसमें बारीक कटी हरी मिर्च, थोड़ा अदरक, हरा धनिया, नमक, लाल मिर्च, भुना जीरा पाउडर, थोड़ा अमचूर और स्वाद के अनुसार गरम मसाला डालें और इसे अच्छी तरह मिक्स कर लें।
स्टेप 3
अब आटे की एक लोई लें उसे थोड़ा बेलें और बीच में आलू की स्टफिंग रखें। फिर इसे बंद करें। अब इसपर सूखा आटा लगाएं और इसे बेल लें।
स्टेप 4
अब तवा गर्म करें, जब तवा गर्म हो जाए तो इसपर बेला हुआ पराठा डालें। जब ऊपर की तरफ हल्के बुलबुले दिखने लगें, तब इसे पलट दें। दूसरी तरफ थोड़ा घी या तेल लगाएं. फिर पराठे को पलटकर दूसरी तरफ भी घी या तेल लगाएं।
स्टेप 5
अब कलछी से पराठे के किनारों और बीच वाले हिस्से को दबाते हुए अच्छी तरह सिक जाए।
क्रिस्पी पराठे बनाने के टिप्स
- स्टफिंग में पानी न डालें।
- आटा बहुत ज्यादा ढीला न रखें।
- पराठे को बहुत पतला न बेलें।
- तवा पहले से अच्छी तरह गर्म करें।
- घी या तेल एक साथ ज्यादा डालने के बजाय जरूरत के हिसाब से लगाएं।
- पराठे को मध्यम आंच पर सेंकें।
Latest Lifestyle News