1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बढ़े प्याज के दाम! बिना प्याज के बनाएं पूरे हफ्ते स्वादिष्ट सब्जी, आसान हैं ये 5 रेसिपी

बढ़े प्याज के दाम! बिना प्याज के बनाएं पूरे हफ्ते स्वादिष्ट सब्जी, आसान हैं ये 5 रेसिपी

प्याज के दाम बढ़ने लगे हैं ऐसे में महंगाई कहीं आपकी रसोई का बजट न बिगाड़ दे। इसके लिए हम आपको बिना प्याज वाली सब्जियों की रेसिपी बता रहे हैं। इन सब्जियों में स्वाद भी भरपूर मिलेगा और कीमती प्याज भी नहीं खरीदनी पड़ेगी।

बिना प्याज वाली सब्जी की रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV बिना प्याज वाली सब्जी की रेसिपी

महंगाई का सीधा असर खाने की थाली पर पड़ता है। सब्जियों के दाम बढ़ती ही किचन का बजट भी बिगड़ने लगता है। इन दिनों आलू प्याज और टमाटर के दाम काफी बढ़े हुए हैं। खासतौर से प्याज के दाम अब मंडी में भी बढ़ने लगे हैं। प्याज को आम आदमी का भोजन माना जाता है। ज्यादातर सब्जियों में प्याज पड़ता है, लेकिन जिस हिसाब के प्याज की कीमतें बढ़ रहीं हैं सब्जी में प्याज की कटौती करनी पड़ेगी। इसलिए पहले से ही कुछ ऐसी सब्जियों की लिस्ट बना लें, जिन्हें बिना प्याज के आसानी से बनाया जा सकता है। आज हम आपको ऐसी बिना प्याज की सब्जी की रेसिपी बता रहे हैं। फटाफट नोट कर लें।

बिना प्याज की सब्जी की रेसिपी

कश्मीरी दम आलू- बिना प्याज के घर में आसानी से कश्मीरी दम आलू बना सकते हैं। इसके लिए आलू को तेल में साबुत फ्राई कर लें। अब एक कटोरी में सूखे मसाले, कश्मीरी लाल मिर्च, पिसी सौंफ और सौंठ पाउडर डालें। मसालों को पानी डालकर गीला करें। कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें हींग जीरा डालकर चटकाएं। थोड़े खड़े मसाले डाल दें और अब मसालों का घोल डाल दें। हल्का पकाने के बाद 2 चम्मच दही फेंटकर मिला दें। अब इसमें अपने हिसाब से पानी डालकर ग्रेवी तैयार करें। उसमें फ्राई किए आलू डालकर पकाएं। धनिया और कसूरी मेथी डालकर सर्व करें।

लौकी तोरई और कद्दू- इस सीजन में लौकी, तोरई और कद्दू आसानी से मिलने वाला और सस्ती सब्जी है। आप इसे बिना प्याज लहसुन के बनाएंगे तो इनका स्वाद कई गुना बढ़ जाएगा। लौकी को सिर्फ हींग, जारी और हरी मिर्च के साथ 1 चम्मच देसी घी में बनाकर खाएं। हल्के मसाले डालें बहुत स्वादिष्ट सब्जी बनती है। तोरई भी सरसों के तेल में कुछ सूखे मसाले डालकर तैयार हो जाती है। कद्दू भी हरी मिर्च और सूखे मसालों से तैयार हो जाती है। इसमें थोड़ा आमचूर और गुड़ डालकर खट्टा मीठा कद्दू बनाएं।

कढ़ी- बिना प्याज लहसुन के कढ़ी बनाकर खा सकते हैं। कढ़ी में बेसन दही और पकोड़े का इस्तेमाल होता है। कढ़ी को हींग, राई, मेथी, जारी, करी पत्ता और हरी या लाल सूखी मिर्च डालकर छौंक दें। इसमें प्याज टमाटर और लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता। कढ़ी को अच्छी तरह पकाकर गर्मागरम सर्व करें। जब घर में कोई सब्जी न हो तो कढ़ी बनाकर खा सकते हैं।

सूखी सब्जियां- आप आलू की भुजिया, परवल की भुजिया, गोभी की सूखी सब्जी, आलू गाजर, आलू बीन्स और इस तरह की सब्जियों को बिना प्याज के आसानी से पकाकर खा सकते हैं। इससे सब्जी का अपना स्वाद भी मिलता है और खाने में स्वाद भी ज्यादा आता है। इन सब्जियों में सूखी लाल मिर्च और सारे सूखे मसालों का इस्तेमाल करें। दाल के साथ इस तरह की सब्जी खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं।

बैंगन फ्राई- तवा बैंगन भी बिना प्याज के बनने वाली सब्जी है। इसके लिए आप सूखी लाल मिर्च और मसालों का इस्तेमाल करें। आप इसमें लहसुन डाल सकते हैं या बिना लहसुन के भी बना सकते हैं। लहसुन और लाल मिर्च को थोड़ा पानी डालकर पीस लें। इसमें सूखे मसाले मिलाएं और इसे बैंगन पर दोनों तरफ लगा दें। पैन में तेल डालें और बैंगन को दोनों तरफ से फ्राई करके निकाल लें।

Latest Lifestyle News