1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. पकोड़े छोड़ काले चने की कढ़ी बनाकर खाएं, मिलेगा एकदम राजस्थानी स्वाद, आसान है रेसिपी

पकोड़े छोड़ काले चने की कढ़ी बनाकर खाएं, मिलेगा एकदम राजस्थानी स्वाद, आसान है रेसिपी

पकोड़े की कढ़ी तो आपने खूब खाई होगी, लेकिन एक बार राजस्थानी स्टाइल में काले चने की कढ़ी बनाकर खाएं। आपको गजब का स्वाद मिलेगा। इस तरह कढ़ा बनाना भी आसान है। नोट कर लें चना कढ़ी की रेसिपी।

काला चना कढ़ी रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV काला चना कढ़ी रेसिपी

रोटी और चावल के साथ कढ़ी का स्वाद अलग ही लगता है। भारत में यूपी, एमपी, राजस्थान, हरियाणा, बिहार, पंजाब और गुजरात में लोग कढ़ी काफी ज्यादा पसंद करते हैं। कढ़ी खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है बनाना उतना ही आसान है। कढ़ी को अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग तरीकों से बनाया जाता है। आज हम आपको राजस्थानी काले चने की कढ़ी बनाना बता रहे हैं, जिसे बिना पकोड़े के तैयार किया जाता है। इस कढ़ी का स्वाद आपको जरूर पसंद आएगा। 

काले चने की कढ़ी की रेसिपी

पहला स्टेप- काले चने की कढ़ी बनाने के लिए आप अपनी जरूरत के हिसाब से चने ले लें। हम 1 कप काले चने का इस्तेमाल कर रहे हैं। चने को पानी से धोकर रातभर के लिए भिगो दें। अब चने का पानी निकाल दें और चने को प्रेशर कुकर में थोड़ा साफ पानी डालकर थोड़ा नमक डालकर सीटी लगाकर गला लें। आप मीडियम फ्लेम पर 4 सीटी लगाकर कुकर बंद कर दें। अब चने को छन्नी में डाल दें, जिससे पूरा पानी निकल जाए।

दूसरा स्टेप- अब कढ़ी बनाने के लिए दही या छाछ ले लें। इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर डालकर बेसन मिलाएं। अब दही में सारी चीजों को अच्छी तरह फेंटकर मिक्स कर लें। अब इसमें जरूरत के हिसाब से पानी मिला दें। आपको बेसन और दही का पानी जैसा घोल बना लेना है। 

तीसरा स्टेप- अब एक कड़ाही में देसी घी डालें। इसमें जीरा, हींग और सूखी लाल मिर्च डालकर भूनें। अब इसमें लंबी कटी हरी मिर्च, करी पत्ता, बारीक कटा अदरक लहसुन डालें। सारी चीजों को 1 मिनट के लिए भूनें और फिर इसमें तैयार घोल को डाल दें। इसे उबाल आने तक लगातार चलाते रहें। उबाल आने के बाद इसमें उबले चने और नमक डालकर पकाएं। अब कढ़ी को ढककर 10 मिनट के लिए पकाएं। 

चौथा स्टेप- 10 मिनट के बाद कढ़ी में कसूरी मेथी, बारीक कटा हरा धनिया और गरम मसाला मिलाएं। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिला लो। तैयार है एकदम स्वादिष्ट राजस्थानी काले चने की कढ़ी। आप इसे रोटी या चावल किसी के साथ भी खा सकते हैं। इस कढ़ी का स्वाद पकोड़े वाली कढ़ी से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट लगता है।

 

Latest Lifestyle News