1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. उपमा-पोहा छोड़ ब्रेकफास्ट में ट्राय करें सूजी पिज्जा पॉकेट्स, स्वाद ऐसा कि रोज करेंगे डिमांड, आसान है रेसिपी

उपमा-पोहा छोड़ ब्रेकफास्ट में ट्राय करें सूजी पिज्जा पॉकेट्स, स्वाद ऐसा कि रोज करेंगे डिमांड, आसान है रेसिपी

ब्रेकफास्ट में एक ही तरह का नाश्ता करके लोग बोर हो जाते हैं। ऐसे में घर के सभी मेंबर्स का मन होता है कि ब्रेकफास्ट में कुछ टेस्टी नाश्ता मिले। अगर आप ब्रेकफास्ट के लिए ऑप्शन ढूंढ रहे हैं तो सूजी पिज्जा पॉकेट्स आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। यहां से नोट करें रेसिपी।

उपमा-पोहा छोड़ ब्रेकफास्ट में ट्राय करें सूजी पिज्जा पॉकेट्स, स्वाद ऐसा कि रोज करेंगे डिमांड- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV उपमा-पोहा छोड़ ब्रेकफास्ट में ट्राय करें सूजी पिज्जा पॉकेट्स, स्वाद ऐसा कि रोज करेंगे डिमांड

नाश्ते में रोज़-रोज़ वही उपमा या पोहा खाकर लोग बोर हो जाते हैं। ऐसे में लोगों का मन कुछ टेस्टी और नया ट्राय करने का करता है। लेकिन समझ नहीं आता कि नाश्ते में ऐसा क्या बनाया जाए जो घर के सभी लोगों को पसंद आए। अगर आप कुछ नया ऑप्शन ढूंढ रहे हैं तो सूजी पिज्जा पॉकेट्स एक परफेक्ट ऑप्शन हो सकता है। बाहर से बेहद कुरकुरे और अंदर से चीज व सब्जियों के स्वाद से भरपूर, यह डिश बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंदीदा बन जाएगी। इसे बनाना भी बेहद आसान है। यहां हम आपके लिए सूजी पिज्जा पॉकेट्स की रेसिपी लेकर आए हैं। नोट कर लें रेसिपी। 

सामग्री
डो के लिए

  • सूजी (रवा) – 1 कप
  • पानी – 1.5 कप
  • चिली फ्लेक्स – आधा छोटा चम्मच
  • ओरिगैनो – आधा छोटा चम्मच
  • तेल – 1 छोटा चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार

स्टफिंग के लिए

  • बारीक कटा प्याज – 1/2 कप
  • बारीक कटी शिमला मिर्च – 1/2 कप
  • उबले हुए कॉर्न– 1/4 कप
  • पिज्जा सॉस या शेजवान सॉस – 2-3 बड़े चम्मच
  • मोज़ेरेला चीज – 1/2 कप
  • चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो – आधा-आधा छोटा चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर – 1/4 छोटा चम्मच
  • नमक – स्वादानुसार
  • तेल – तलने या शैलो फ्राई करने के लिए

बनाने का तरीका

स्टेप 1
एक कढ़ाई में 1.5 कप पानी गर्म करें। इसमें नमक, 1 छोटा चम्मच तेल, चिली फ्लेक्स और ओरिगैनो डालें। जब पानी में उबाल आ जाए, तो गैस की आंच धीमी करें और धीरे-धीरे सूजी डालते हुए लगातार चलाएं ताकि गांठे न बनें। सूजी सारा पानी सोख लेगी और एक डो की तरह बनने लगेगी। जब सूजी कढ़ाई छोड़ने लगे, तो गैस बंद कर दें। इसे ढककर 5 मिनट के लिए रख दें, फिर हल्का ठंडा होने पर हाथों से मसलकर चिकना कर लें।

स्टेप 2
एक बाउल में कटा हुआ प्याज, शिमला मिर्च और उबले हुए कॉर्न मिलाएं। अब इसमें पिज्जा सॉस, चिली फ्लेक्स, ओरिगैनो, काली मिर्च और स्वादानुसार नमक डालें। लास्ट में इसमें मोज़ेरेला चीज मिलाकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।

स्टेप 3
तैयार सूजी के आटे से छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हाथों में थोड़ा सा तेल लगाकर एक लोई को बेलें या हाथों से दबाकर चौकोर कर लें। इसके बीच में 1-2 चम्मच तैयार पिज्जा स्टफिंग रखें। अब इसके किनारों को मोड़ते हुए चौकोर या गुझिया की तरह शेप दें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें ताकि फ्राई करते समय चीज बाहर न निकले।

स्टेप 4
एक कढ़ाई में तेल गर्म करें। जब तेल हल्का गर्म हो जाए, तो इसमें तैयार सूजी पॉकेट्स डालें। इन्हें मध्यम-तेज आंच पर सुनहरा और क्रिस्पी होने तक तलें। अगर आप कम तेल पसंद करते हैं, तो इन्हें एयर फ्रायर या अप्पे पैन में हल्का तेल लगाकर भी सेक सकते हैं। फिर इसे सर्व करें। 

Latest Lifestyle News