गोलगप्पे और चाट का नाम लेते ही मुंह में पानी आने लगता है। गोलगप्पे खाने के लिए कई तरह के पानी मिलते हैं, लेकिन क्या आपने कभी चना चाट वाले गोलगप्पे ट्राई किए हैं। एकदम चटपटी और खट्टी चना चाट को जब गोलगप्पे में भरकर खाएंगे तो खाने वाले खुद को रोक नहीं पाएंगे। एक बार आप भी इस गोलपप्पा चना चाट को जरूर ट्राई करें।
गोलगप्पा चना चाट रेसिपी
पहला स्टेप- चाट को बनाने के लिए आपको रात भर भीगे हुए काले चने लेने हैं। चने को अच्छी तरह से 1-2 बार पानी से धो लें। अब चने को कुकर में डालें और इसमें थोड़ा 5-6 कली लहसुन, 1 छोटा प्याज लंबा काटकर और नमक डालें। जरूरत के हिसाब से पानी डालें और कुकर में 5-6 सीटी आने तक चने को पकाएं।
दूसरा स्टेप- अब पानी में से चने और प्याज लहसुन को निकाल लें। इसमें आपको 1 बड़ा उबला हुआ आलू छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर डालना है। साथ ही इसमें आधा खीरा बारीक कटा, 1 टमाटर को बारीक कटाकर डालना है। इसमें 1 प्याज बारीक काटकर डालें। थोड़ी हरी मिर्च और हरा धनिया डालें।
तीसरा स्टेप- अब चने को हाथ से मसलते हुए सारी चीजों को मिक्स करें। अब इसमें चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, काला नमक, धनिया पाउडर, सफेद नमक और नींबू का रस डालें। सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
चौथा स्टेप- पानी बनाने के लिए आपको इमली को भिगोकर उसका गूदा निकालना है। अब इमली के पल्प में थोड़ा पानी मिलाएं। इसमें नॉर्मल पानी मिलाकर मिक्स करें। इसमें खांड या गुड़ का पाउडर मिलाएं। अब इसमें सूखा पुदीना या ताजा पुदीना क्रश करके डाल दें। स्वादानुसार नमक और लाल मिर्च पाउडर डालें।
पांचवां स्टेप- फ्लेवर के लिए काला नमक और भुना जीरा पाउडर मिलाएं। थोड़ा चाल मसाला डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। एक बाउल में चना मिक्स रखें और उसमें तैयार किया इमली वाला पानी डाल दें।
आखिरी स्टेप- इसमें बाजार से खरीदकर लाए हुए गोलगप्पे डिप करें और चना चाट वाले गोलगप्पे इंजॉय करें। आप चाहें तो मार्केट से पैकेट वाले कच्चे गोलगप्पे खरीदकर ले आएं और उन्हें फ्राई करके चना चाट के साथ इंजॉय करें। एक बार आप इस तरह गोलगप्पे बनाकर खाएंगे तो खाते ही जाएंगे।
Latest Lifestyle News