भारत के अलग-अलग राज्यों में कई ऐसी डिश फेमस हैं जो खाने में बहुत अलग टेस्ट देती हैं। उत्तर प्रदेश की ऐसी ही फेमस डिश है दाल का करायल, जिसे आप उड़द की दाल से बना सकते हैं। करायल बनाने में प्याज, लहसुन या टमाटर की जरूरत नहीं पड़ती। आप इसे झटपट और बड़ी आसानी से तैयार कर सकते हैं। चावल के साथ ये सब्जी बहुत ही टेस्टी लगती है। बिना किसी सब्जी के आप इस रेसिपी को तैयार कर सकते हैं। इसमें पड़ने वाले मसाले बहुत सिंपल हैं। आइये जानते हैं उड़द दाल का करायल की रेसिपी।
उड़द दाल का करायल रेसिपी
पहला स्टेप- दाल का करायल बनाने के लिए आधा कप उड़द की धुली दाल लें और उसे 1-2 बार अच्छी तरह से धो लें। दाल को 2-3 घंटे के लिए पानी में डालकर भिगो दें। अब किसी ग्राइंडर जार में भीगी दाल, अदरक, हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह से पीस लें। दाल को किसी बाउल में निकालें और इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और हींग डालें। ऊपर से स्वादानुसार नमक डालें और दाल को अच्छी तरह से फेंट लें।
दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तेल पिसी हुई दाल की मंगोड़ी डालकर सेंक लें। अब इन्हीं मंगोड़ियों से ग्रेवी तैयार करें। इसके लिए एक बाउल में 4 मंगोड़ी लें और इसमें थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह से मैश कर लें। मसाला बनाने के लिए एक कटोरी में हल्दी, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा पानी डालकर मिलाएं।
तीसरा स्टेप- फ्राई की गई मंगोड़ी वाली कड़ाही से तेल निकाल दें और सिर्फ सब्जी का मसाला भूनने जितना तेल रखें। तेल को गर्म करें और इसमें हींग, जीरा डालकर सूखी लाल मिर्च डाल दें। अब इसमें घोल कर तैयार किया मसाला डाल दें। इसे 2 मिनट के लिए पकाएं। अब इसमें मैश की गई मंगोड़ियों को मिलाएं। तेल अलग होने तक इसे भूनें और फिर इसमें अपने हिसाब से पानी डाल दें।
चौथा स्टेप- ग्रेवी को गाढ़ा या पतला रखने के लिए पानी कम या ज्यादा रख सकते हैं। अब इसमें फ्राई की गई मंगोड़ियां डालें और थोड़ा गरम मसाला मिला दें। इस सब्जी को ढककर 10 मिनट के लिए पकाएं। अब इसमें बारीक कटा हरा धनिया डालें और तैयार है यूपी की फेमस करायल की सब्जी। आप इसे रोटी, चावल या पराठे के साथ खाएं।
Latest Lifestyle News