पनीर का नाम सुनते ही बच्चे खुश हो जाते हैं लेकिन लौकी देखते ही मुंह बनाने लगते हैं। अगर आप भी बच्चों को लौकी खिलाना चाहते हैं तो लौकी से भी पनीर बनाकर खिला सकते हैं। जी हां लौकी से पनीर बन सकता है वो भी एकदम स्वादिष्ट, जिसे बच्चे तो क्या बड़े भी पता नहीं लगा पाएंगे कि वो लौकी खा रहे हैं। हम आपको लौकी का पनीर और फिर उसकी स्वादिष्ट सब्जी बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। यकीन मानिए इससे पहले आपने लौकी की इतनी टेस्टी सब्जी नहीं खाई होगी। लौकी का पनीर दूध वाले पनीर को भी फेल कर देता है। सबसे खास बात कि इसे खाने के बाद आपको बिल्कुल भी हैवीनेस महसूस नहीं होगी। तो चलिए जानते हैं लौकी से पनीर बनाने की रेसिपी।
लौकी से पनीर कैसे बनाते हैं?
पहला स्टेप- इसके लिए आपको 1 बड़ी लेकिन कच्ची लौकी लेनी है। ध्यान रखें लौकी के बीज एकदम कच्चे होने चाहिए। अब लौकी को धोकर छील लें और इसे सब्जी के जैसे टुकड़ों में काट लें। अब लौकी को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। लौकी में खुद भी काफी पानी होता है इसलिए इसे बिना पानी के ही पीस लें। ध्यान रखें लौकी एकदम पेस्ट जैसी बारीक पिसी होनी चाहिए।
दूसरा स्टेप- पिसी हुई लौकी को एक बाउल में निकाल लें। इसमें 2 चम्मच ताजा घर का बना दही डाल दें। अब थोड़ा नमक और 1 चुटकी मीठा सोडा डाल दें। अब आधा कप चावल का आटा लें और इसे धीरे-धीरे डालते हुए मिक्स कर लें। चावल का आटा न हो तो आधा मैदा और आधा चावल का आटा मिला लें। सारी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें।
तीसरा स्टेप- एक प्लेट को ग्रीस कर लें और इसमें तैयार किया बैटर डाल दें। बैटर का रंग सफेद हो जाएगा और इसे ऊपर से चिकना करते हुए सेट कर दें। अब 2 मीडियम प्याज को मोटा काट लें, 2 टमाटर को मोटा काट लें, हरी मिर्च और अदरक को भी मोटा काट लें। एक कड़ाही में आधा गिलास पानी डालें और उसमें एक बड़ी कटोरी उल्टी करके रख दें। अब साइड से कटे प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च और अदरक लहसुन डाल दें।
चौथा स्टेप- अब इसमें 5 काली मिर्च और 1 टुकड़ा दालचीनी का डाल दें। कटोरी के ऊपर पनीर वाली प्लेट को रख दें और इसे ढककर 15 मिनट मीडियम फ्लेम पर पका लें। हाथ से देखें कि उंगलियों पर पनीर चिपक तो नहीं रहा है। अगर चिपके तो थोड़ा और पका लें। अब पनीर को निकाल लें और सारी सब्जियों को भी निकाल लें।
पांचवां स्टेप- अब प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, लाल मिर्च, लहसुन अदरक को डालकर बारीक पीस लें। जब पनीर ठंडा हो जाए तो उसे क्यूब्स में काट लें। अब सब्जी बनाने के लिए 3 बड़े चम्मच तेल डालें। इसमें जीरा और कश्मीरी लाल मिर्च डाल दें। अब तैयार किया हुआ प्याज टमाटर का पेस्ट डाल दें। इसे तेल छोड़ने तक चलाते हुए पकाएं। मसाला भुनने पर 1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर, आधी चम्मच हल्दी, थोड़ा नमक, कश्मीरी लाल मिर्च डाल दें।
छठा स्टेप- मसाले में 2 चम्मच ताजा गाढ़ा दही डालकर लगातार चलाते हुए पकाएं। जब मसाला तेल छोड़ने लगे तो इसमें ग्रेवी के हिसाब से पानी डाल दें। आप उसी पानी को डाल दें जिसमें हमने प्याज टमाटर को उबाला था। ग्रेवी को पकाते रहें और जब अच्छा उबाल आने लगे तो इसमें तैयार किया हुआ पनीर डाल दें। थोड़ा गरम मसाला डालें और सब्जी को हरा धनिया डालकर सर्व करें।
Latest Lifestyle News