नई दिल्ली: अमेरिका में एक सप्ताह पहले ही प्रदर्शित हो चुकी बहुप्रतीक्षित हॉलीवुड फिल्म 'एवेंजर्स : एज ऑफ अल्ट्रॉन' भारत में शुक्रवार को प्रदर्शित हो रही है। फिल्म की निर्माता कंपनी मार्वेल ने भारत में विभिन्न श्रेणियों में 50 ब्रांडों के साथ फिल्म के लिए करार किया है। कहा जा रहा है कि भारत में किसी विदेशी फिल्म का यह अब तक का सबसे बड़ा करार है।
डिजनी इंडिया के उपभोक्ता उत्पाद व्यवाय ने कपड़े, गहने, खिलौने, मकान जैसे उत्पादों से संबंधित कई अन्य ब्रांडों के साथ करार किया है, जिससे भारत में मार्वेल के सुपरहीरोज के फैन को नया अनुभव दिया जा सके।
इनमें अमेजन, मिंत्रा, फंसकूल, लिबर्टी, हीरोसाइकिल, पैंटालूंस, टप्परवेयर, किंडर जॉय, हेमलेस एंड लैंडमार्क जैसे नामी ब्रांड शामिल हैं।
कंज्युमर प्रोडक्ट डिजनी इंडिया के उपाध्यक्ष एवं प्रमुख अभिषेक माहेश्वरी ने आईएएनएस को बताया, "इस श्रृंखला की पहली फिल्म 'एवेंजर्स' की बेजोड़ सफलता के बाद अगली फिल्म की लोकप्रियता आसमान छू रही है। बच्चों और बड़ों सभी में इस फिल्म को लेकर उत्सुकता है।"