1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. किसानों की मेहनत पर संकट! गणपति घाट पर प्याज से भरे ट्राले में लगी आग, केबिन जलकर खाक

किसानों की मेहनत पर संकट! गणपति घाट पर प्याज से भरे ट्राले में लगी आग, केबिन जलकर खाक

धार जिले में राऊ-खलघाट फोरलेन पर प्याज से भरे ट्राले में भीषण आग लग गई। ट्राले में लाखों रुपये कीमत का प्याज भरा हुआ था। गणपति घाट चढ़ते समय चालक को केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। आग की चपेट में आने से ट्राले का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

onion laden truck fire- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT प्याज भरकर जा रहे ट्राले में घाट चढ़ने के दौरान लगी भीषण आग।

मध्य प्रदेश के धार जिले में राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट पर सोमवार सुबह प्याज से लदे एक ट्राले में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्राले का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, राहत की बात रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ट्रक ड्राइवर और हेल्पर पूरी तरह सुरक्षित हैं।

ट्राले में भरा था लाखों रुपये का प्याज

जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। ट्राला क्रमांक RJ 14 GK 5512 धामनोद की ओर से इंदौर की तरफ जा रहा था। गणपति घाट चढ़ते समय चालक को केबिन से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और आग ने केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। ट्राले में लाखों रुपये कीमत का प्याज भरा हुआ था।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

ट्राला चालक अनवर खान के अनुसार, उसने चोपड़ा से ट्राले में प्याज लोड किया था और माल लेकर गुरुग्राम जा रहा था। गणपति घाट पर चढ़ाई के दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका है। आग की सूचना मिलते ही धामनोद और मांडव की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मचारियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने के कारण ट्राले में भरा अधिकांश प्याज आग की चपेट में आने से बच गया।

FRV टीम ने फायर स्प्रे से बुझाई आग

आग लगने की घटना के बाद गणपति घाट पर यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए धामनोद की दोनों डायल-112 FRV भी मौके पर पहुंचीं। FRV-20 के पायलट दीपक निगवाल और आरक्षक इंद्रपाल लोधी तथा एफआरवी-21 के पायलट ने मौके पर पहुंचकर फायर स्प्रे का उपयोग कर ट्रक की वायरिंग और डीजल पाइप में फैली आग को बढ़ने से रोका। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था भी संभाली। पुलिस और दमकल टीमों की तत्परता से आग पर जल्द नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

इस बीच आपको बता दें कि प्याज की आसमान छूती कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। खुदरा बाजार में ₹60 प्रति किलो तक बिक रहे प्याज से राहत देने के लिए केंद्र सरकार ने अपने बफर स्टॉक से महज ₹35 प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर प्याज की बिक्री शुरू कर दी है।

(रिपोर्ट- एकता शर्मा)

यह भी पढ़ें-

किन्नर अघोरी ने जलती चिता से शव का मांस निकालकर खाया, इंस्टाग्राम पर शेयर किया वीडियो, महामंडलेश्वर ने जताई आपत्ति

घर से गुटखा लेने पहुंचा युवक, पहुंच गया अस्पताल और चौथी मंजिल से लगा दी छलांग