A
  1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. कूलर से करंट लगने पर 5वीं की छात्रा की मौत, 3 साल के भाई ने इशारे में कहा- दीदी उधर गिरी है

कूलर से करंट लगने पर 5वीं की छात्रा की मौत, 3 साल के भाई ने इशारे में कहा- दीदी उधर गिरी है

खंडवा में कूलर में करंट उतरने से 5वीं क्लास की एक छात्रा की मौत हो गई हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब घर में सिर्फ 3 साल का मासूम भाई मौजूद था। मजदूर माता-पिता खेत में गेहूं काटने के लिए गए हुए थे। परिवार के लोग घर पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। भाई ने बताया कि दीदी चिल्ला कर गिर गई है।

cooler electrocuted- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कूलर में करंट उतरने से बच्ची की मौत।

देशभर में गर्मी ने अपने तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। ऐसे में हर कोई अपने घरों में कूलर और एसी लगाने की तैयारी में जुट गया है। कुछ घरों में तो तपती गर्मी से बचने के लिए कूलर चालू भी हो गए हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कूलर को लगाते समय यदि आपने सावधानी नहीं बरती तो इसका खामियाजा आपके मासूम बच्चों को भी भुगतना पड़ सकता है। ऐसा इसीलिए क्योंकि मध्य प्रदेश के खंडवा से एक ताजा मामला सामने आया है, जहां 5वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक बच्ची को कूलर में उतरे करंट ने चपेट में ले लिया। करंट इतना जोरदार था कि बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

कैसे हुआ हादसा?

मामला खंडवा जिला मुख्यालय से 90 किलोमीटर दूर ग्राम पिपलानी का है। घटना सुबह की बताई जा रही है। परिजन बच्ची को दोपहर के वक्त सिविल अस्पताल पुनासा लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने करंट लगने से छात्रा की मौत होने की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि पिपलानी के रहने वाले प्रकाश भिलाला की दो संताने हैं जिनमें 12 वर्ष की गायत्री बड़ी है और गायत्री से छोटा एक भाई है। गायत्री को जब करंट लगा और वह बदहवास होकर गिर गई तब घर में कोई नहीं था। गायत्री के माता-पिता दोनों खेतों में मजदूरी करने गए हुए थे। जब वह दोनों काम पर से वापस लौटे तो गायत्री के छोटे भाई ने इशारों में उन्हें बताया कि दीदी चिल्लाकर गिर गई है। इसके बाद उन्होंने कमरे में जाकर देखा तो गायत्री अचेत अवस्था में कूलर के पास ही पड़ी हुई थी।

पूरे गांव में छाया मातम

आनन-फानन में घबराये माता-पिता गायत्री को लेकर अस्पताल की ओर दौड़े। पुनासा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर डॉक्टरों ने गायत्री का परीक्षण किया और उसे मृत घोषित कर दिया। गायत्री की मौत की खबर गांव में फैलने के बाद मातम छा गया है। लेकिन इस घटना के बाद हर किसी को यह ध्यान रखना चाहिए कि हमें अपने घर में कूलर, फ्रिज, टीवी पंखे या खुले विद्युत तारों को व्यवस्थित कर सुरक्षित रखना चाहिए। ऐसे में कोई भी अनहोनी घटना घट सकती है।

(रिपोर्ट- प्रतीक मिश्रा)

यह भी पढ़ें-

तेलंगाना में दर्दनाक हादसा, करंट लगने से दो लोग जिंदा जले; सामने आया VIDEO

बेटी के छुछक कार्यक्रम में CRPF जवान की मौत, पंखे के हाथ लगाते ही मौत की आगोश में समा गया, नजारा देख घरवालों के उड़े होश