1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. मई में सगाई, अब रेलवे ट्रैक पर मिले मंगेतर जोड़े के शव; ट्रेन की चपेट में आने से मौत या कुछ और मामला?

मई में सगाई, अब रेलवे ट्रैक पर मिले मंगेतर जोड़े के शव; ट्रेन की चपेट में आने से मौत या कुछ और मामला?

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में रेलवे ट्रैक पर युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों की मई में सगाई हुई थी और अब दोनों के शव एक ही स्थान के आसपास मिले हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PEXELS प्रतीकात्मक तस्वीर

राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र में मक्सी-रुठियाई रेलवे ट्रैक पर सोमवार रात युवक-युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। देहरी बामन गांव के रास्ते के पास रात करीब 8 बजे लोगों ने रेलवे ट्रैक पर शव देख पुलिस को सूचना दी। अंधेरा होने के कारण पुलिसकर्मियों को करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर मौके तक पहुंचना पड़ा।

आधार कार्ड से हुई पहचान

मृतकों की पहचान बनवारी पिता हरिप्रसाद वर्मा निवासी देहरी बामन और प्रिया पिता बृज वर्मा उम्र 17 वर्ष निवासी कुदाली, थाना नरसिंहगढ़ के रूप में हुई। दोनों के शव एक ही स्थान के आसपास मिले हैं। शव मिलने की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। युवती के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।

मई में हुई थी सगाई

परिजनों के अनुसार प्रिया और बनवारी की मई में सगाई हुई थी। इसके बाद दोनों लगातार संपर्क में थे। अगस्त में कुदाली जाते समय मंडावर के पास बनवारी का सड़क हादसा हो गया था जिसमें वह घायल हो गया था। करीब पांच-सात दिन पहले ही वह स्वस्थ होकर काम पर लौटा था।

Image Source : reporter inputअंधेरे के चलते पुलिसकर्मियों को 2 किमी पैदल चलकर मौके तक पहुंचना पड़ा।

ट्रेन की चपेट में आए या कुछ और मामला?

बनवारी के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह वह खेत पर उनके साथ गया था। भैंस बांधने और चारा लाने के बाद सुबह करीब 9 बजे खाना खाने घर जाने की बात कहकर निकला था। रात करीब 8 बजे पुलिस ने उसकी मौत की सूचना दी। पुलिस के अनुसार दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या मामला कुछ और है, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस कर रही मामले की जांच

करनवास थाना प्रभारी संगीता शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया है। मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही साफ होगा। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल शुरू कर दी है।

वहीं, हाल ही में एमपी के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई थी। यहां प्रेम विवाह के 4 साल बाद एक पति अपनी ही पत्नी की जान का दुश्मन बन गया। उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले अपनी पत्नी का गला बीयर के कैन के धातु वाले पुल-टैब (ढक्कन) से काटने की कोशिश की, लेकिन जब वह जीवित रही तो उसे मारने के इरादे से नैना नदी में फेंक दिया।

(रिपोर्ट- गोविंद सोनी)

यह भी पढ़ें-

प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत! शादी के 4 साल बाद पति बना जान का दुश्मन, गला रेतकर नदी में फेंका, राहगीरों ने बचाई जान

शादी से किया इनकार, प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली कातिल की पोल