1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत! शादी के 4 साल बाद पति बना जान का दुश्मन, गला रेतकर नदी में फेंका, राहगीरों ने बचाई जान

प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत! शादी के 4 साल बाद पति बना जान का दुश्मन, गला रेतकर नदी में फेंका, राहगीरों ने बचाई जान

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Aug 02, 2026 12:05 pm IST,  Updated : Aug 02, 2026 12:05 pm IST

रीवा के सोहागी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी का गला रेतकर उसे मारने की कोशिश की और इसमें सफल न होने पर उसे नदी में फेंक दिया। हालांकि, जैसे-तैसे महिला नदी से बाहर आ गई, जिसके बाद राहगीरों ने उसकी जान बचाई।

mp news- India TV Hindi
पति ने रेता पत्नी का गला, फिर नदी में फेंका। Image Source : INDIA TV

मध्यप्रदेश के रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां प्रेम विवाह के चार साल बाद एक पति अपनी ही पत्नी की जान का दुश्मन बन गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर पहले अपनी पत्नी का गला बीयर के कैन के धातु वाले पुल-टैब (ढक्कन) से काटने की कोशिश की, लेकिन जब वह जीवित रही तो उसे मारने के इरादे से नैना नदी में फेंक दिया। हालांकि, गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह नदी से बाहर निकल आई और जैसे ही राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी और महिला की जान बचाई।

चार साल पहले हुआ था प्रेम विवाह, फिर रिश्तों में आई दरार

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के शंकरगढ़ निवासी सतीश सिंह ने 2022 में प्रेम विवाह किया था। एक साल बाद 2023 में दोनों को एक बेटा हुआ, लेकिन कुछ समय बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। हालात ऐसे बने कि महिला पति से अलग होकर पहले पश्चिम बंगाल, फिर मुंबई और बाद में पंजाब में काम करने लगी। करीब 15 दिन पहले वह पंजाब से शंकरगढ़ लौटी और अपनी सहेली के घर ठहरी हुई थी।

ट्रेन छूटने के बाद पति से मांगी मदद, रास्ते में रची गई साजिश

28 जुलाई की रात महिला पंजाब लौटने के लिए शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची, लेकिन उसकी ट्रेन निकल चुकी थी। इसके बाद उसने पति को फोन कर मदद मांगी। आरोप है कि पति अपने दोस्त दीपक साकेत के साथ बाइक लेकर स्टेशन पहुंचा और प्रयागराज रेलवे स्टेशन छोड़ने का बहाना बनाकर उसे रीवा जिले के सोहागी थाना क्षेत्र स्थित सोनौरी गांव के पास नैना नदी ले गया।

पहले गला काटने की कोशिश, फिर नदी में फेंका

पीड़िता के आरोप के अनुसार वहां दोनों आरोपियों ने बीयर के कैन के पुल-टैब से उसका गला काटने का प्रयास किया। जब महिला की मौत नहीं हुई तो उसे पुल से नीचे नैना नदी में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह नदी से बाहर निकली।

राहगीर बने देवदूत, समय रहते पहुंची पुलिस

महिला की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए त्योंथर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया।

48 घंटे में दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता के बयान के आधार पर सोहागी थाना पुलिस ने पति सतीश सिंह और उसके साथी दीपक साकेत के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि महिला और आरोपी ने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह किया था। बाद में दोनों के बीच विवाद होने पर महिला अलग रहने लगी थी। 28 जुलाई को वह बेटे से मिलने के बाद पंजाब लौट रही थी। ट्रेन छूटने पर उसने पति से संपर्क किया। आरोप है कि पति उसे प्रयागराज ले जाने के बजाय नैना नदी के पास ले गया, जहां साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

(रीवा से अशोक मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः नाना ने बेटी के नवजात शिशु को गोबर के ढेर में जिंदा दफनाया, पड़ोसी ने पोल खोला तो खा लिया जहर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।