1. Hindi News
  2. मध्य-प्रदेश
  3. शादी से किया इनकार, प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली कातिल की पोल

शादी से किया इनकार, प्रेमी ने उतारा मौत के घाट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोली कातिल की पोल

 Written By: India TV MP Bureau Desk
 Published : Jul 29, 2026 02:39 pm IST,  Updated : Jul 29, 2026 02:39 pm IST

राजा रघुवंशी और राजीव बमानिया हत्याकांड के बाद अब एक और मौत की खबर ने मध्य प्रदेश में हलचल मचा दी है। एक युवती के शादी से इनकार करने के बाद प्रेमी ने उसकी हत्या कर दी।

crime news- India TV Hindi
मयंक शाक्य और मृतक महिला Image Source : STRINGER INPUT

मध्य प्रदेश के इंदौर से एक और हत्या की खबर सामने आई है। लड़की के शादी से इनकार के बाद प्रेमी ने उसका कातिल कर दिया। कत्ल के बाद आरोपी ने ऐसी साजिश रची कि हर किसी को लगे युवती ने आत्महत्या की है या हादसे में जिंदा जल गई, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कातिल की पूरी कहानी बेनकाब कर दी। पुलिस ने बताया कि बैंक कर्मचारी युवती की मौत आग से नहीं, बल्कि गला घोंटकर की गई थी। इसके बाद शव पर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई और उसे जली हुई हालत में छोड़ आरोपी फरार हो गया। 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला कातिल का सच

राजा रघुवंशी और राजीव बमानिया हत्याकांड के बाद अब इंदौर पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, 26 जुलाई को खजराना थाना क्षेत्र के तपेश्वरी बाग स्थित किराए के कमरे में बैंक कर्मचारी युवती का जला हुआ शव मिला था। कमरे का मंजर देखकर हर कोई इसे आत्महत्या या हादसा मान रहा था, लेकिन पुलिस ने जल्दबाजी में किसी नतीजे पर पहुंचने के बजाय घटनास्थल से हर साक्ष्य जुटाया। एफएसएल टीम की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों ने मौत की पूरी कहानी बदल दी।

शादी से इनकार करने पर प्रेमी ने किया प्यार का कत्ल

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि युवती की मौत आग से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई थी। यानी शव को जलाया गया, लेकिन हत्या पहले ही हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया। जांच के दौरान एक युवक पेट्रोल का डिब्बा लेकर घटनास्थल की ओर जाता दिखाई दिया। यही फुटेज पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुआ।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी 

इस मामले की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। एडिशनल डीसीपी ने अमरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान ग्वालियर जिले के डबरा निवासी मयंक शाक्य के रूप में हुई, जो पिछले पांच साल से मृतका का करीबी मित्र था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि दोनों के बीच शादी को लेकर विवाद चल रहा था। युवती के शादी से इनकार करने पर उसने गुस्से में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी ताकि पूरा मामला आत्महत्या या हादसा लगे।

प्रेमी ने रची प्रेमिका की मौत की खौफनाक साजिश

पुलिस ने आरोपी मयंक शाक्य को गिरफ्तार कर हत्या और साक्ष्य नष्ट करने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि हत्या की साजिश कब और कैसे रची गई थी और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। प्रेमी ने कत्ल के बाद आग की लपटों में सच्चाई छिपाने की कोशिश की, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की पड़ताल ने उसकी पूरी साजिश बेनकाब कर दी। कैमरे पर कैद एक सुराग ने आखिरकार कातिल को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

(इनपुट - भरत पाटिल)

ये भी पढ़ें - राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद, प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, अवैध रिश्ते बने मुसीबत

राजा रघुवंशी हत्याकांड में 'रतलाम कनेक्शन' आया सामने, यही दफ्न है सोनम के 'बक्से' का राज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। मध्य-प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।