1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. चंद्रपुर में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहता रहा हजारों लीटर ईंधन, आधी रात को बाल्टी लेकर पहुंचे लोग; VIDEO

चंद्रपुर में डीजल टैंकर पलटा, सड़क पर बहता रहा हजारों लीटर ईंधन, आधी रात को बाल्टी लेकर पहुंचे लोग; VIDEO

महाराष्ट्र में चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास मार्ग पर एक डीजल से भरा टैंकर पलट गया। टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा। लोग जान जोखिम में डालकर डीजल जमा करने के लिए टैंकर के पास पहुंच गए।

डीजल से लथपथ हुई सड़क।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT डीजल से लथपथ हुई सड़क।

चंद्रपुर-बल्लारपुर बायपास पर सोमवार रात डीजल से भरा टैंकर अचानक पलट गया, जिसके बाद सड़क पर बड़ी मात्रा में ज्वलनशील ईंधन बहने लगा। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कई लोग बहते डीजल के आसपास पहुंचने लगे। इससे आगजनी और बड़े हादसे का खतरा बढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भीड़ को हटाकर इलाके को सुरक्षित किया और यातायात को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता से संभावित बड़ा हादसा टल गया।

कामगार चौक पर पलटा डीजल टैंकर

घटना सोमवार रात की है, जब चंद्रपुर से बल्लारपुर की ओर जा रहा डीजल कैप्सूल टैंकर क्रमांक GJ12 CT 4999 कामगार चौक के पास अनियंत्रित होकर सड़क के बीचोंबीच पलट गया। यह हादसा रात करीब 11 बजे हुआ। इस दुर्घटना के बाद टैंकर से बड़ी मात्रा में डीजल सड़क पर बहने लगा, जिससे स्थिति बेहद गंभीर बन गई।

Image Source : reporter inputचंद्रपुर में डीजल टैंकर हादसा।

जमा हुई भीड़ से मंडराया बड़े हादसे का खतरा

टैंकर पलटने की खबर फैलते ही मौके पर नागरिकों की भीड़ जमा हो गई। बहते डीजल को जमा करने के लिए लोग टैंकर के आसपास पहुंचने लगे। इस दौरान सड़क पर फैला ज्वलनशील डीजल और उसके बीच लोगों की भीड़ किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही थी। इसी दौरान चंद्रपुर शहर पुलिस और रामनगर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

पुलिस ने सबसे पहले भीड़ को नियंत्रित करते हुए घटनास्थल को सुरक्षित किया और यातायात को व्यवस्थित किया सुरक्षा के मद्देनजर एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से संभावित आगजनी अथवा बड़ी दुर्घटना का खतरा टल गया।

Image Source : reporter inputआधी रात सड़क पर पलटा डीजल टैंकर।

पुलिस ने संभाली स्थिति

इस कार्रवाई के दौरान रामनगर पुलिस स्टेशन की पुलिस निरीक्षक प्रभावती एकुरके और चंद्रपुर शहर पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक श्याम गव्हाणे अपने पुलिस स्टाफ के साथ मौके घटनास्थल पर डटे रहे। टैंकर पलटने के कारण चंद्रपुर-बल्लारपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।

देखें वीडियो-

सड़क पर बहता डीजल, पलटा हुआ टैंकर और उसके आसपास जमा भीड़ कुछ देर के लिए कामगार चौक पर भयावह स्थिति निर्माण हो गई थी। पुलिस की तत्परता से हालात नियंत्रण में आए और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई। वहीं, आपको बता दें कि कुछ साल पहले महाराष्ट्र के चंद्रपुर में ही डीजल से भरे टैंकर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर के बाद आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी।

(रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

सड़क पर बहने लगा हजारों लीटर तेल, बालाघाट में भारत पेट्रोलियम का टैंकर पलटा, मुफ्त का डीजल-पेट्रोल लूटने उमड़ी भीड़

Video: महाराष्ट्र में डीजल को लेकर 'गैलन वॉर', पेट्रोल पंप के बाहर भिड़ गए किसान