1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'उसने मुझे जिंदा जला दिया', मौत से पहले दीक्षा ने बयां की पूरी दास्तां, पति की करतूत सुन रोंगटे खड़े हो जाएंगे

'उसने मुझे जिंदा जला दिया', मौत से पहले दीक्षा ने बयां की पूरी दास्तां, पति की करतूत सुन रोंगटे खड़े हो जाएंगे

महाराष्ट्र के चंद्रपुर में 27 वर्षीय दीक्षा को उसके पति ने जिंदा जला दिया। गुस्से में पति ने दीक्षा के कपड़ो में आग लगा दी और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया।

chandrapur woman burnt alive- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका दीक्षा की फाइल फोटो

महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। शहर के महाकाली वार्ड गौतम नगर इलाके में एक 27 वर्षीय शादीशुदा महिला को जिंदा जलाए जाने की घटना सामने आई है। इस मामले में महिला के पति पर गंभीर आरोप लगे हैं जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

कपड़ो में आग लगाकर बाहर से बंद कर दिया दरवाजा

मृतका की पहचान 27 वर्षीय दीक्षा शुभम भड़के के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि 5 जनवरी 2026 की रात करीब 9 बजे दीक्षा का पति शुभम भड़के घर आया और झगड़ा करने लगा। गुस्से में उसने दीक्षा के कपड़ो में आग लगा दी और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गया।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

बताया जा रहा है कि दीक्षा अपने पति से अलग अपनी दादी के साथ रहती थी। जब दादी घर पर नहीं थी तभी आरोपी पति घर आया और उसे आग के हवाले कर दिया। पत्नी जिन्दा जल रही थी लेकिन उसे बचाने वाला वहा कोई नहीं था। जब दादी घर पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद था और अंदर से दीक्षा की बचाओ-बचाओ की आवाज आ रही थी। जब दरवाजा खोला गया तो दीक्षा गंभीर रूप से जली हुई हालत में मिली। परिजन और पड़ोसियों की मदद से उसे तत्काल चंद्रपुर के सरकारी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद, 7 जनवरी को इलाज के दौरान दीक्षा ने दम तोड़ दिया।

मौत से पहले खोल दिया राज

परिजनों ने अस्पताल में भर्ती दीक्षा से पूछा तो उसने पूरी दास्तान सुनाई, जिसका परिजनों ने पूरा वीडियो भी बनाया। दीक्षा ने बताया कि पति ने उसके कपड़ो में आग लगा दी और दरवाजा बाहर से बंद कर चला गया। परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए पुलिस से निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।

5 साल पहले हुई थी शादी

इस मामले में चंद्रपुर शहर पुलिस थाने में दर्ज FIR के मुताबिक, मृतका की दादी ने शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि पति-पत्नी में अक्सर झगड़े होते थे इसलिए पिछले 6 -7 महीनों से दोनों अलग रह रहे थे। पांच साल पहले इनकी शादी हुई थी और इनकी चार साल की एक बेटी भी है जो पति के साथ रहती है।

चंद्रपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की। शहर पुलिस थाने के इंस्पेक्टर निशिकांत रामटेके ने बताया कि आरोपी पति शुभम भड़के को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के पीछे का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा और सभी पहलुओं से मामले की जांच जारी है।

(रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

महिला को फुफेरे भाई से हुआ प्यार, 3 बच्चों को छोड़कर कर ली कोर्ट मैरिज, पति बोला- मुझसे भी की थी, कर दिया 'आजाद'

लुधियाना हत्याकांड का खुलासा: ड्रम में मिली थी लाश, दोस्त शेरा और उसकी पत्नी अरेस्ट; आरी से किए थे 6 टुकड़े