A
  1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. बारामती विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस, उम्मीदवार नाम वापस लेगा, पार्टी के सीनियर नेता ने दी जानकारी

बारामती विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी कांग्रेस, उम्मीदवार नाम वापस लेगा, पार्टी के सीनियर नेता ने दी जानकारी

कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन वापस लेने से सुनेत्रा पवार के निर्विरोध चुने जाने का रास्ता साफ होगा। अजित पवार के निधन के बाद से यह सीट खाली है। कांग्रेस ने इस सीट से आकाश मोरे को टिकट दिया है।

ramesh chennithala- India TV Hindi
Image Source : PTI रमेश चेन्निथला

महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट में सुनेत्रा पवार की जीत लगभग तय हो चुकी है। कांग्रेस पार्टी ने साफ किया है कि इस उपचुनाव में वह अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। पार्टी के सीनियर नेता रमेश चेन्निथला ने कहा है कि पार्टी की राज्य इकाई से उम्मीदवार का नाम वापस लेने को कहा गया है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार आकाश मोरे को टिकट दिया है। कांग्रेस अपने उम्मीदवार का नामांकन वापस लेगी। गुरुवार को दोपहर तीन बजे से पहले कांग्रेस उम्मीदवार अपना नामांकन वापस लेगा। सुनेत्रा पवार का निर्विरोध चुने जाने का रास्ता आसान होगा।

महाराष्ट्र में बीजेपी, शिवसेना (शिंदे गुट) और एनसीपी (अजित पवार) गुट की सरकार है। बारामती सीट इस गठबंधन में एनसीपी के खाते में आई थी। इसी सीट से अजित पवार विधायक बने थे और डिप्टी सीएम भी बने थे। उनके निधन के बाद से यह सीट खाली है। सुनेत्रा पवार ने उनकी जगह डिप्टी सीएम पद की शपथ ले ली है। अब वह इसी सीट से जीत हासिल कर विधायक भी बनना चाहेंगी। कांग्रेस के नाम वापस लेने के फैसले से उनकी राह आसान हुई है।

बारामती में 23 अप्रैल को मतदान

महाराष्ट्र की बारामती और राहुरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। दोनों सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होना है और नतीजों का ऐलान 4 मई को होगा। इन दोनों सीटों पर नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गुरुवार को नाम वापस लेने का आखिरी दिन है और दिन खत्म होने तक कांग्रेस उम्मीदवार के नाम वापस लेने के आसार हैं। राहुरी सीट पर बीजेपी के शिवाजी कर्डीले के निधन के बाद उपचुनाव हो रहे हैं।

एनसीपी नेताओं का प्रयास सफल

एनसीपी नेताओं ने लगातार महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से बात की थी और बारामती से उम्मीदवार नहीं उतारने की अपील की थी। खुद सुनेत्रा पवार ने दो बार सपकाल से बात की थी। वहीं, रोहित पवार भी उनसे मिले थे। इसके बाद कांग्रेस नेता ने पुष्टि की है कि कांग्रेस अपने उम्मीदवार का नाम वापस लेगी।

यह भी पढ़ें-

'मारपीट कर गड्ढे में धकेला, बेटा नहीं पीता शराब', एमिटी के छात्र की मौत पर मां ने लगाया हत्या का आरोप

दिल्ली आ रहे हैं नीतीश कुमार, BJP से होगा बिहार का नया सीएम? 15 अप्रैल को हो सकता है ऐलान