1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. 'मारपीट कर गड्ढे में धकेला, बेटा नहीं पीता शराब', एमिटी के छात्र की मौत पर मां ने लगाया हत्या का आरोप

'मारपीट कर गड्ढे में धकेला, बेटा नहीं पीता शराब', एमिटी के छात्र की मौत पर मां ने लगाया हत्या का आरोप

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 09, 2026 01:22 pm IST,  Updated : Apr 09, 2026 01:26 pm IST

एमिटी के मृतक छात्र की मौत पर मां ने हत्या की आशंका जताई है। साथ ही उसके दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतक छात्र की पोस्टमार्टम रिपोर्ट गुरुवार शाम तक आएगी।

पानी के गढ़े में गिरकर छात्र की मौत- India TV Hindi
पानी के गढ़े में गिरकर छात्र की मौत Image Source : REPORTER INPUT AND PTI

नोएडा के सेक्टर-94 के पास निर्माणाधीन सोसाइटी में एक गड्ढे में भरे पानी में तैरते समय एक छात्र की मौत हो गई। इसके शव का गुरुवार सुबह तीन डॉक्टरों के एक पैनल ने पोस्टमार्टम किया। अधिकारियों के अनुसार, सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय में शारीरिक शिक्षा विषय से स्नातक करने वाला छात्र हर्षित भट्ट (23) परीक्षा समाप्त होने के बाद बुधवार शाम अपने तीन साथियों हिमांशु, व्यास और कृष के साथ सेक्टर-94 के पास पिकनिक मनाने गया था। 

शरीर पर कई चोट, मां का बड़ा आरोप

मृतक बेटे की मां ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतक हर्षित की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा शराब नहीं पीता था। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान हैं। छात्र की मां ने आरोप लगाया कि उनके बेटे के साथ मारपीट कर उसे गड्ढे में धकेला गया। पुलिस उपायुक्त ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और मृतक के दोस्तों से पूछताछ की गई है। 

दोस्तों के साथ बैठकर पी शराब- पुलिस का बयान

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मियां खान ने कहा, 'परीक्षा के बाद चारों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में हर्षित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में एक गड्ढे में भरे पानी में नहाने चला गया, जहां तैरते समय वह डूब गया।' 

NDRF की टीम मौके पर पहुंची

उन्होंने कहा, 'हर्षित को बचाने के प्रयास में उसके तीनों साथी भी गड्ढे में कूद गए, लेकिन वे भी डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।' सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), अग्निशमन दल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। 

आधे घंटे बाद निकाला गया बाहर, तब तक हो चुकी थी मौत

अधिकारियों ने कहा कि करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने दावा किया, 'गड्ढे के चारों ओर करीब आठ फुट ऊंची बैरिकेडिंग की गई थी। हालांकि, कुछ हिस्सा खुला हुआ था, जहां से हर्षित अंदर पहुंचा।' 

शाम तक आएगी पोस्टमार्टम रिपोर्ट

अधिकारियों ने कहा, 'आज सुबह शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल से कराया गया है। इसकी रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है।' उन्होंने कहा कि हर्षित के पिता लद्दाख से दिल्ली पहुंच रहे हैं। छात्र के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।