महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि उनकी पार्टी लगातार मजबूत हो रही है और अब "ऑपरेशन टाइगर" पूरी तरह सफल हो चुका है। शिंदे ने कहा कि पार्टी के वर्धापन दिवस पर उन्होंने नए नेताओं के शामिल होने के संकेत दिए थे और अब 6 सांसद उनकी शिवसेना के साथ आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि उनके परिवार में "कट्टर शिवसैनिकों" का स्वागत किया गया है।
उन्होंने 2022 में हुए राजनीतिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा, "4 साल पहले जब हमने उठाव किया था, तब 40 विधायक हमारे साथ थे। उस समय हमारा उद्देश्य शिवसेना और बालासाहेब ठाकरे के विचारों को बचाना था। अब दूसरा अध्याय शुरू हो चुका है और 6 सांसद हमारे साथ जुड़े हैं।"
"हम किसी के रास्ते में नहीं आते, लेकिन…"
शिंदे ने कहा कि पार्टी में शामिल हुए सभी नेता जमीनी स्तर से जुड़े कार्यकर्ता हैं और वे किसी व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि अपने क्षेत्र और लोगों के विकास के लिए शिवसेना के साथ आए हैं। उन्होंने कहा, "हम किसी के रास्ते में नहीं आते, लेकिन अगर कोई हमारे रास्ते में आता है तो हम उसे छोड़ते भी नहीं।"
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने उनकी नीयत और विचारधारा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि विधायक, सांसद, सरपंच और पार्षद जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधि हैं और यह जनसमर्थन उनकी साफ नीयत और विकास के एजेंडे का परिणाम है। शिंदे ने कहा, "विचारधारा महत्वपूर्ण होती है और लोगों ने हमारी विचारधारा को स्वीकार किया है। हमारा एजेंडा विकास और लोगों की मदद करना है।"
"कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की गई पूरी प्रक्रिया"
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पार्टी में नए सदस्यों को शामिल करने की पूरी प्रक्रिया कानूनी प्रावधानों के तहत पूरी की गई है। शिंदे ने विश्वास जताया कि नए नेताओं के शामिल होने से शिवसेना संगठन और अधिक मजबूत होगा।
बता दें कि शिवसेना-यूबीटी के 6 बागी सांसद अब एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए हैं। शिंदे गुट में शामिल होने वाले सांसदों में संजय दीना पाटिल, संजय देशमुख, संजय जाधव, भाऊसाहेब वाकचौरे, पाटिल-अष्टिकर और ओमप्रकाश राजेनिंबालकर का नाम शामिल है।
ये भी पढ़ें-
लखनऊ अग्निकांड में अब तक 14 लोगों की मौत, भावुक हुए डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, जानें क्या कहा
"क्या बिहार की सारी पुलिस आपको ही दे दें, लालू परिवार को एक-एक बंगला चाहिए", CM सम्राट चौधरी का बड़ा हमला