पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार पर तीखा हमला बोला है। पटना में आयोजित 'अतिपिछड़ा समाज सम्मेलन' को संबोधित करते हुए सम्राट चौधरी ने लालू परिवार के बंगला और सुरक्षा विवाद को लेकर निशाना साधा और कहा कि पूरा बिहार आज लालू यादव से डरा हुआ है।
"पूरे परिवार को चाहिए एक-एक बंगला"
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, "लालू परिवार को एक-एक बंगला चाहिए। बेटा को चाहिए, माता जी को चाहिए।" उन्होंने कहा कि लालू परिवार के पास पहले से कई मकान हैं, फिर भी सरकारी आवास को लेकर विवाद खड़ा किया जा रहा है। सम्राट चौधरी ने दावा किया कि राजा बाजार, कौटिल्य नगर, महुआ बाग, गोपालगंज और दिल्ली सहित कई जगहों पर लालू परिवार के पास संपत्ति है।
"सुरक्षा में 150 पुलिस वाले, फिर भी..."
सुरक्षा को लेकर सीएम सम्राट ने कहा, "लालू यादव और उनके परिवार की सुरक्षा में 150 पुलिस वाले लगे हैं, लेकिन फिर भी कहेंगे कि पूरी सुरक्षा वापस ले ली गई, क्या बिहार की सारी पुलिस आपको ही दे दें? फिर अति पिछड़ों को सुरक्षा कौन देगा। जितनी जरूरत है उतनी सुरक्षा दी गई है।"
"सबसे बड़ा खलनायक डरा हुआ है"
उन्होंने कहा, "आज पूरा बिहार लालू यादव से डरा हुआ है कि कहीं वह बाहर निकलकर कुछ गड़बड़ न कर दें।" उन्होंने कहा, "जो सबसे बड़ा खलनायक है, वह डरा हुआ है, इसका सीधा मतलब है कि बिहार में सुशासन ठीक हो गया है।"
किसी को नहीं छोड़ूंगा: सम्राट चौधरी
सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा, "वर्ष 1990 से अब तक का इतिहास निकाल रहे हैं। इस दौरान अतिपिछड़ा समाज की जमीन पर किस-किस ने कब्जा किया, इसकी जांच की जाएगी। किसी को नहीं छोड़ूंगा।"
बता दें कि हाल ही में सम्राट चौधरी सरकार ने VIP सुरक्षा की समीक्षा की थी। इस उच्च स्तरीय समीक्षा के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद और राबड़ी देवी की Z+ सुरक्षा श्रेणी को घटाने का फैसला लिया गया। हालांकि, सरकार ने लालू यादव के छोटे बेटे और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया है, उनकी सुरक्षा पहले की तरह ही बरकरार रखी गई है।
ये भी पढ़ें-
ओडिशा के परिवहन मंत्री का भतीजा गिरफ्तार, छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप
लखनऊ अग्निकांड में अब तक 14 लोगों की मौत, भावुक हुए डिप्टी CM ब्रजेश पाठक, जानें क्या कहा