1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. "मैंने अपनी आंखों से 14 डेड बॉडी देखी", लखनऊ अग्निकांड पर बोलते हुए रो पड़े डिप्टी CM ब्रजेश पाठक

"मैंने अपनी आंखों से 14 डेड बॉडी देखी", लखनऊ अग्निकांड पर बोलते हुए रो पड़े डिप्टी CM ब्रजेश पाठक

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 22, 2026 05:33 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 06:20 pm IST

लखनऊ अग्निकांड को लेकर जानकारी देते हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना सीखने आते थे। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।

भावुक हुए डिप्टी CM ब्रजेश पाठक- India TV Hindi
भावुक हुए डिप्टी CM ब्रजेश पाठक Image Source : ANI

उत्तर प्रदेश के लखनऊ के अलीगंज के एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग में मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भावुक हुए

इस घटना पर यूपी के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि अभी कुल 14 बच्चों को बाहर निकाला गया है। उन सभी को अस्पताल भेज दिया गया है। यह एक बड़ी घटना है। अंदर धुआं भरा हुआ है।

उन्होंने कहा, "हर चीज़ को हटाकर और चेक किया जा रहा है, और हर कमरे की तलाशी ली जा रही है; अंदर लकड़ी का बहुत सारा फ़र्नीचर था, और उस फ़र्नीचर से निकले धुएं के कारण कुछ भी साफ़ दिखाई नहीं दे रहा है। फ़ायर ब्रिगेड के कर्मचारी अंदर हैं। NDRF की टीमें भी मौके पर मौजूद हैं।"

मरने वाले बच्चों की उम्र 16-17 वर्ष

डिप्टी सीएम ने कहा, "आग अचानक लगी; यह एक एनिमेशन सेंटर था। बच्चे यहां एनिमेशन यानी कार्टून बनाना सीखने आते थे। मुझे अभी तक इस बात की कोई जानकारी नहीं मिली है कि घटना असल में कैसे शुरू हुई... घायलों को KGMC ट्रॉमा सेंटर भेजा जा रहा है। उनकी उम्र लगभग 16-17 साल थी। घटना की उच्च-स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्रमुख सचिव (गृह) और DGP को मौके पर बुलाया गया है और उन्हें कारणों की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मैंने अपनी आंखों से 14 शव देखे हैं।"

अग्निकांड पर सीएम योगी ने क्या कहा?

घटना पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, मेरी हार्दिक इच्छा थी कि आज मैं अलीगढ़ में रहूं, लेकिन मुझे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि अभी-अभी मुझे जानकारी मिली है कि लखनऊ में एक अग्निकांड की दुखद घटना हुई है, उसकी चपेट में कुछ बच्चे आए हैं, उनकी दुखद मौत हुई है, इसलिए मुझे तत्काल वापस जाना पड़ रहा है। जिन्होंने जान खोई उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। इस पूरे मामले के लिए पुलिस महानिदेशक व अपर मुख्य सचिव गृह को भी कहा है कि मौके पर जाकर इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, मैं स्वयं भी वहां प्रस्थान कर रहा हूं, जिससे इस पूरे मामले की तह में जाकर दोषियों को सज़ा भी दे सकें और उन पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना भी व्यक्त कर सकें।

ये भी पढ़ें-

VIDEO: लखनऊ के कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 14 लोगों की मौत, बिल्डिंग से कूदते दिखे छात्र; CM योगी ने आगामी सभी दौरे रद्द किए

बरेली: मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, गर्मी में बेहोश हो गई लड़की, 35 मिनट बाद गेट तोड़कर बाहर निकले

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।