1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बरेली: मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, गर्मी में बेहोश हो गई लड़की, 35 मिनट बाद गेट तोड़कर बाहर निकले

बरेली: मॉल की लिफ्ट में फंसे 13 लोग, गर्मी में बेहोश हो गई लड़की, 35 मिनट बाद गेट तोड़कर बाहर निकले

 Edited By: Shakti Singh
 Published : Jun 22, 2026 10:51 am IST,  Updated : Jun 22, 2026 10:51 am IST

लिफ्ट में 13 लोग 35 मिनट तक फंसे रहे। इस दौरान गर्मी में उनकी हालत खराब हो गई। एक लड़की बेहोश भी हो गई। 35 मिनट बाद गेट तोड़कर सभी लोगों खुद ही बाहर निकले।

Bareilly Lift- India TV Hindi
लिफ्ट के अंदर फंसे लोग Image Source : REPORTER INPUT

बरेली के चौकी चौराहा के पास सिटी सेंटर एलए मॉल की लिफ्ट में 13 लोग फंस गए। रविवार देर रात मॉल की लिफ्ट अचानक बंद हो गई। छोटे बच्चे, महिलाएं और अन्य लोग करीब 35 मिनट तक फंसे रहे। अंदर गर्मी और उमस के कारण हालात ऐसे हो गए कि एक लड़की बेहोश हो गई। काफी देर तक मदद नहीं मिलने पर अंदर फंसे लोगों ने खुद बाहर निकलने की कोशिश शुरू की और दरवाजा तोड़कर बाहर निकले।

घटना देर रात्रि ही है रविवार होने के कारण मॉल में सामान्य दिनों की तुलना में कुछ ज्यादा भीड़ थी। लोग पिक्चर देखने और घूमने आए थे। इसी दौरान फर्स्ट और सेकंड फ्लोर के बीच चल रही लिफ्ट बिजली जाने के बाद अचानक रुक गई।

सिक्योरिटी इंचार्ज ने उठाया फोन

लिफ्ट बंद होने के बाद शुरुआत में लोगों ने सोचा कि कुछ ही मिनट में व्यवस्था सही हो जाएगी, लेकिन टाइम बढ़ता गया और अंदर मौजूद लोगों की बेचैनी बढ़ने लगी। लिफ्ट में तीन बच्चे, चार महिलाएं और अन्य लोग मौजूद थे। बंद जगह और गर्मी उमस के कारण लोगों को सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। अंदर मौजूद लोगों ने कई बार मदद के लिए आवाज लगाई। कुछ लोगों ने लिफ्ट में लिखे सिक्योरिटी इंचार्ज के नंबर पर लगातार फोन भी किए, लेकिन जवाब नहीं मिला। बताया जा रहा है कई बार फोन मिलाने के बावजूद किसी ने रिस्पॉन्स नहीं दिया।

लिफ्ट के अंदर बेहोश हुई लड़की

इसी बीच बिहारीपुर निवासी 17 साल लड़की की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इससे अंदर मौजूद लोगों में डर और बढ़ गया। जब काफी देर तक कोई राहत नहीं मिली तो कुछ लोगों ने लिफ्ट का गेट अंदर से धक्का देना और तोड़ने की कोशिश शुरू कर दी। बाहर मौजूद लोगों ने भी मदद की। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना के बाद लोगों ने मॉल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। जानकारी के मुताबिक लिफ्ट में उस समय कोई ऑपरेटर मौजूद नहीं था। ऐसे में अंदर फंसे लोगों को समय पर मदद नहीं मिल सकी।

मॉल के ऑपरेशन मैनेजर की सफाई

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि तब तक सभी लोग बाहर निकल चुके थे। पुलिस ने लोगों से जानकारी ली और आगे की कार्रवाई के लिए तहरीर मांगी है। फोन पर मॉल के ऑपरेशन मैनेजर विदिन कुमार ने बताया कि बिजली जाने के बाद सामान्य रूप से जनरेटर से लिफ्ट एक मिनट के भीतर चालू हो जाती है। उनका कहना है कि इसी दौरान किसी ने लिफ्ट के गेट पर जोर से वार किया, जिससे सेंसर में तकनीकी दिक्कत आ गई और लिफ्ट चालू नहीं हो सकी। बाद में तकनीकी टीम ने करीब 35 मिनट में लिफ्ट खोलकर सभी लोगों को बाहर निकाला।

गेट पर लात मारने से बंद हुआ सेंसर

फोन पर सीओ प्रथम आशुतोष ने बताया कि मामले की जानकारी पर चौकी चौराहा पुलिस को मौके पर भेजा गया था। हालांकि, तब तक लोग लिफ्ट से बाहर आ चुके थे और सुरक्षित थे। पूछताछ में मॉल प्रबंधन ने बताया कि जनरेटर जब तक चालू किया जाता, अंदर मौजूद किसी ने गेट पर लात मार दी। इससे सेंसर ने काम करना बंद कर दिया।

(बरेली से विकास साहनी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

दोगुनी हो जाएगी रकम, मौलाना ने झांसा देकर ठग लिए 1.8 करोड़, नोटों की गड्डियों के सामने तंत्र क्रिया का वीडियो वायरल

लखनऊ के चौराहों पर लगे पोस्टरों से मचा सियासी घमासान, अखिलेश यादव पर लगाए गए गंभीर आरोप

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।