1. Hindi News
  2. क्राइम
  3. ओडिशा के परिवहन मंत्री का भतीजा गिरफ्तार, छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप

ओडिशा के परिवहन मंत्री का भतीजा गिरफ्तार, छात्रा को खुदकुशी के लिए उकसाने का आरोप

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jun 22, 2026 04:50 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 04:57 pm IST

छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने ओडिशा के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा का शव होस्टल के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला।

मृतक छात्रा और आरोपी बिस्वजीत- India TV Hindi
मृतक छात्रा और आरोपी बिस्वजीत Image Source : REPORTER INPUT

ओडिशा के गंजाम जिले में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा के मौत मामले में पुलिस ने राज्य के परिवहन मंत्री बिभूति भूषण जेना के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर छात्रा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है।

क्या है पूरा मामला?

शनिवार को एक कॉलेज हॉस्टल के कमरे में 20 साल की छात्रा का शव पंखे से लटका हुआ मिला। मृतका BCA की पढ़ाई कर रही थी और अपनी बहन और तीन अन्य सहेलियों के साथ हॉस्टल में रहती थी। गिरफ्तार किए गए आरोपी का नाम बिस्वजीत जेना (24 वर्ष) है। वह ओडिशा के परिवहन मंत्री का भतीजा है और मृतका का बॉयफ्रेंड बताया जा रहा है। बिस्वजीत भी उसी कॉलेज में बीसीए का छात्र है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था। छात्रा के मामा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रिश्ते में चल रहे विवाद के कारण छात्रा मानसिक तनाव में थी। छात्रा को शनिवार सुबह तुरंत ब्रह्मपुर स्थित एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बिस्वजीत पर उकसाने का आरोप

बेरहामपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) सरवण विवेक ने बताया कि मृतक छात्र के मामा की रिपोर्ट के आधार पर गोलंथरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। बिस्वजीत जेना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया और इसके बाद जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एक साइंटिफिक टीम और मजिस्ट्रेट ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। SP ने कहा कि महिला की मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही पता चलेगी। उन्होंने कहा, "जांच चल रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।"

मामले पर गरमाई सियासत

विपक्षी दल बीजू जनता दल (BJD) ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बीजेडी के जिला अध्यक्ष रमेश चंद्र च्यौ पटनायक ने कहा, "आरोपी चाहे मंत्री का रिश्तेदार हो या कोई भी, कानून को अपना काम करना चाहिए और उसे सख्त सजा मिलनी चाहिए।" वहीं, बीजेपी के जिला अध्यक्ष सरोज सबत ने कहा है कि पुलिस पूरी ईमानदारी से मामले की जांच कर रही है और सच सामने आ जाएगा।

ये भी पढ़ें-

जैश-ए-मोहम्मद की संदिग्ध महिला स्लीपर सेल गिरफ्तार, बबीता से बनी थी खदीजा; मसूद अजहर के साले के संपर्क में थी

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में निहंगों के बीच क्या विवाद हुआ था? पुलिस ने बता दी पूरी सच्चाई

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। क्राइम से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।