वाशिम: महाराष्ट्र के वाशिम से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मजदूर ने रोटी-सब्जी के विवाद के बाद अपने ही साथी की हत्या कर दी और फिर शव को खेत में दफना दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
वाशिम जिले के कारंजा तालुका में रोटी बनाने और सब्जी नहीं बनाने को लेकर दो मजदूरों के बीच हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक मजदूर ने अपने ही साथी की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।
घटना खेर्डा कारंजा इलाके के अनई फाटा के पास की है। मृतक की पहचान युवराज धुरारी बोरखडे, निवासी छिंदवाड़ा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी दिनेश उईके को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, मालीपुरा निवासी किसान संतोष तिडके ने अपने खेत में काम करने के लिए मध्य प्रदेश के दो मजदूरों को रखा था। दोनों मजदूर खेत में रहकर काम करते थे।
दिनेश उईके ने अपने साथी मजदूर युवराज धुरारी बोरखडे की हत्या कर दी
इसी दौरान “रोटी क्यों बना रहा है, सब्जी क्यों नहीं बना रहा?” इस बात को लेकर दोनों मजदूरों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी दिनेश उईके ने अपने साथी मजदूर युवराज धुरारी बोरखडे की हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने खेत में गड्ढा खोदा और युवराज के शव को उसमें दफना दिया। घटना की जानकारी खेत मालिक संतोष तिडके ने कारंजा शहर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गड्ढे से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वारदात के बाद फरार हुए आरोपी दिनेश उईके को कारंजा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच पुलिस कर रही है।
इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच इस बात की चर्चा है कि जरा ही बात पर अगर लोग इस तरह आपा खो देंगे कि किसी की जान ले लें तो आने वाले समय में नागरिकों की सुरक्षा का क्या होगा? बदमाशों के बीच कानून का खौफ कायम करना जरूरी है। नहीं तो इस तरह की घटनाएं बार-बार होती रहेंगी।
इससे पहले क्राइम से जुड़ी एक और खबर सामने आई थी कि खेत से बरामद हुई मायके आई स्नेहा की लाश, पास में रोती मिली 1.5 साल की बच्ची। इस मामले में पुलिस ने प्रेमी और पति को अरेस्ट किया था। (रिपोर्ट- वाशिम से इमरान)
ये भी पढ़ें-