ग्रेटर नोएडा वेस्ट में आज तेज रफ्तार थार का कहर देखने को मिला। बिसरख थाना क्षेत्र के इटेरा इलाके में तेज रफ्तार थार ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक शख्स की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। वहीं, आरोपी थार चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
एक टक्कर ने उजाड़ दिया परिवार
थार से हुए दर्दनाक हादसे में हादसे में स्कूटी सवार 40 वर्षीय नीरज की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश में जुट गई है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को थाना बिसरख क्षेत्र में थार कार नंबर UP 14 GB 7267 और स्कूटी नंबर UP 16 EE 2569 के बीच हादसा हुआ। स्कूटी पर चिपियाना निवासी नीरज अपनी पत्नी के साथ सवार थे। तभी अचानक एक बेकाबू थार गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पति-पत्नी सड़क पर दूर जा गिरे और दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान नीरज की मौत हो गई, जबकि घायल पत्नी का इलाज चल रहा है।
मौके से फरार हो गया शातिर थार चालक
हादसे के तुरंत बाद शातिर थार चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर वहां से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने आशंका जताई है कि थार चालक शराब के नशे में था और इसी वजह से गाड़ी बेकाबू होकर स्कूटी से जा टकराई। हालांकि नशे में होने की पुष्टि पुलिस की जांच और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने थार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आरोपी चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इससे एक दिन पहले हरियाणा के गुरुग्राम के सेक्टर 89 में एक थार सवार ने कैब में कई बार टक्कर मारी। नशे में धुत युवकों ने कैब को अपना निशाना बनाया और थार से उसमें बार-बार टक्कर मारी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
(रिपोर्ट- राहुल ठाकुर)
यह भी पढ़ें-