1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में निहंगों के बीच क्या विवाद हुआ था? पुलिस ने बता दी पूरी सच्चाई

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में निहंगों के बीच क्या विवाद हुआ था? पुलिस ने बता दी पूरी सच्चाई

 Published : Jun 22, 2026 04:08 pm IST,  Updated : Jun 22, 2026 04:31 pm IST

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में नागरासू गुरुद्वारे में निहंगों के बीच हुए विवाद के मुद्दे पर हंगामा जारी है। अब गढ़वाल के इंस्पेक्टर जनरल राजीव स्वरूप ने इस घटना की पूरी सच्चाई सामने रख दी है। आइए जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है।

uttarakhand Rudraprayag gurudwara nihang sikh- India TV Hindi
रुद्रप्रयाग में गुरुद्वारे में विवाद। Image Source : PTI

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में हुए विवाद पर लगातार बहस जारी है। स्थिति ऐसी हुई कि मौके पर पुलिस, ITBP और सेना के जवानों को भी तैनात करना पड़ गया। PTI के मुताबिक, कुछ निहंग सिख शनिवार शाम को नगरासू गुरुद्वारे की तीसरी मंजिल पर चढ़ गए थे। इस दौरान पुलिस, जिला प्रशासन और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति लगातार निहंगों के साथ लगातार बातचीत कर रहे थे। इस दौरान गुरुद्वारे पर कब्जा किए जाने और किसी को बंधक बनाए जाने से संबंधित खबरें भी सामने आई थीं जिसका पुलिस ने साफ तौर पर खंडन कर दिया था। अब इस पूरी घटना को लेकर गढ़वाल के इंस्पेक्टर जनरल राजीव स्वरूप ने बयान जारी किया है और पूरे विवाद की सच्चाई बताई है।

क्यों हुआ विवाद?

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में 'नागरासू गुरुद्वारा विवाद' को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। निहंग सिखों के बारे में फैलाई जा रही गलत जानकारी को खारिज करते हुए, गढ़वाल के इंस्पेक्टर जनरल राजीव स्वरूप ने कहा, "यह घटना शुरू में निहंग श्रद्धालुओं और उस गुरुद्वारे के मैनेजमेंट के बीच विवाद के तौर पर शुरू हुई थी, जहां वे लंगर खा रहे थे। बहस के बाद, मैनेजमेंट ने 112 पर कॉल किया, जिस पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। पुलिस को देखकर कुछ निहंग श्रद्धालु घबरा गए और खुद को इमारत की छत पर बंद कर लिया। उनसे कई दौर की बातचीत हुई।"

'निहंग श्रद्धालुओं के बीच का आपसी विवाद'

गढ़वाल के IG राजीव स्वरूप ने कहा- "यह मुख्य रूप से गुरुद्वारा मैनेजमेंट और वहां आए निहंग श्रद्धालुओं के बीच का आपसी विवाद है, और खास बात यह है कि मैनेजमेंट के सदस्य भी निहंग समुदाय से ही हैं। हमारे डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट (DM) और सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) तुरंत मौके पर पहुंचे, बातचीत की और उन्हें समझाया-बुझाया।"

स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण- IG

IG राजीव स्वरूप ने बताया- "अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। हम उन हालात की बारीकी से जांच कर रहे हैं जिनके तहत सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाई गईं और इस घटना को गलत तरीके से कर्णप्रयाग की पिछली झड़प से जोड़ा गया। यह गलत जानकारी जानबूझकर कन्फ्यूजन पैदा करने और चार धाम व हेमकुंड साहिब यात्राओं में बाधा डालने के बुरे इरादे से फैलाई गई थी। मामले की गहन जांच चल रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

ये भी पढ़ें- उत्तराखंड: साथियों को छुड़ाने की मांग पर अड़े निहंग सिख, बुजुर्ग को बंधक बना हथियारों के साथ गुरुद्वारे की छत पर चढ़े

नई कार खरीदकर लौट रहा था परिवार, 100 मीटर गहरी खाई में पलटी; दो लोगों की जिंदा जलने से मौत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत