1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नई कार खरीदकर लौट रहा था परिवार, 100 मीटर गहरी खाई में पलटी; दो लोगों की जिंदा जलने से मौत

नई कार खरीदकर लौट रहा था परिवार, 100 मीटर गहरी खाई में पलटी; दो लोगों की जिंदा जलने से मौत

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 20, 2026 07:20 pm IST,  Updated : Jun 20, 2026 07:20 pm IST

चंपावत में एक नई कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए।

कार में आग लगने से दो लोगों की जलकर मौत।- India TV Hindi
कार में आग लगने से दो लोगों की जलकर मौत। Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE

उत्तराखंड के चंपावत से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहां नई कार खरीद कर लौटते समय हादसा हो गया। लोहाघाट इलाके में अचानक कार अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि तीन लोग किसी तरह से बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। 

नई कार खरीदकर लौटते समय हुआ हादसा

अधिकारियों ने बताया कि चंपावत के लोहाघाट इलाके में एक नई खरीदी गई कार गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरने के बाद कार में आग लग गई, जिससे दो लोगों की जलकर मौत हो गई। इस हादसे में 3 अन्य लोग घायल हो गए है। लोहाघाट की सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट नीतू डांगर ने बताया कि यह हादसा शुक्रवार को टनकपुर-पिथौरागढ़ ऑल-वेदर रोड पर बंटोली इलाके में हुआ।

100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार

जानकारी के मुताबिक पिथौरागढ़ के कनालीछीना के रहने वाले बलदेव कुमार (36) हल्द्वानी से नई कार खरीदकर अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। गाड़ी को डीडीहाट के रहने वाले राजेंद्र कुमार (48) चला रहे थे। सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट नीतू डांगर ने बताया कि बंटोली के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे टकराते ही उसमें आग लग गई।  

पिछली सीट पर बैठे तीनों लोग बचे

कार की पिछली सीट पर बैठे बलदेव की पत्नी नीतू देवी (35) और उनके दो बेटों, अद्वित (8) और आरव (5), को गाड़ी से बाहर फेंक दिया गया और वे घायल होने के बावजूद बच गए। हालांकि, बलदेव और राजेंद्र जलती हुई गाड़ी के मलबे में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (SDRF) और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव व राहत कार्य शुरू किया।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

घटना के बाद घायल हुए परिवार के तीनों सदस्यों को प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं इस हादसे को लेकर चंपावत के जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार ने मजिस्ट्रेट से जांच के आदेश दिए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। 

यह भी पढ़ें-

VIDEO: परभणी में मंदिर के निर्माणाधीन सभागार का पिलर गिरा, 5 की मौत, 18 श्रद्धालु घायल; CM ने जताया दुख

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत