1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा- 'ये अजब किशोर की गजब कहानी'

सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर कांग्रेस ने कसा तंज, कहा- 'ये अजब किशोर की गजब कहानी'

सुनेत्रा पवार और प्रशांत किशोर की मुलाकात पर कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने तंज कसते हुए कहा है कि प्रशांत किशोर चुनाव लड़ते हैं भाजपा के खिलाफ लेकिन पॉलिटिकल स्ट्रेटजी बनाते हैं NCP (अजीत पवार) के साथ जो कि NDA की सहयोगी है।

congress taunt on prashant kishor and sunetra pawar meeting- India TV Hindi
Image Source : X (@ATULLONDHE)/PTI प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार की बैठक पर कांग्रेस का तंज।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की प्रमुख सुनेत्रा पवार और जनसुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर के बीच हाल ही में हुई मुलाकात को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चा छिड़ गई है। बता दें कि गुरुवार को सुनेत्रा पवार, पार्थ पवार और प्रशांत किशोर के बीच बंद कमरे में करीब 6 घंटे तक लंबी बैठक चली है। हालांकि, दोनों ही पक्षों ने मीटिंग में हुई बातचीत पर चुप्पी साध रखी है। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने इस पूरे राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर प्रशांत किशोर पर हमला बोल दिया है।

क्या कहा कांग्रेस के नेता ने?

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि यह अजब किशोर की गजब कहानी है। अतुल लोंढे ने कहा- "एक तरफ प्रशांत किशोर खुद को बीजेपी के खिलाफ बताकर सक्रिय राजनीति कर रहे हैं, जबकि दूसरी तरफ महाराष्ट्र में उनके बीजेपी की सहयोगी एनसीपी (अजित पवार) के लिए राजनीतिक रणनीतिकार बनने की चर्चा है। प्रशांत किशोर ने खुद दावा किया था कि उन्होंने राजनीतिक सलाहकार की भूमिका छोड़ दी है और अब पूरी तरह सक्रिय राजनीति में हैं। ऐसे में उनका एनसीपी (अजित पवार) के लिए रणनीति बनाना उनके अपने दावों पर सवाल खड़े करता है।"

अजब किशोर की गजब कहानी- अतुल लोंढे 

अतुल लोंढे ने तंज कसते हुए कहा- “यह अजब किशोर की गजब कहानी है। आखिर प्रशांत किशोर की असली राजनीतिक भूमिका क्या है? एक तरफ बीजेपी के खिलाफ राजनीति और दूसरी तरफ बीजेपी के सहयोगी दल के लिए चुनावी रणनीति-यह दोहरा रवैया है। ऐसा कैसे कर लेते हो? राजनीति में विरोध कमाई में सहयोग।”

क्यों हुई थी बैठक?

आपको बता दें कि प्रशांत किशोर की सुनेत्रा पवार संग बैठक पर महाराष्ट्र की राजनीति में बहस छिड़ गई है।  सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोनों नेताओं की बैठक में एनसीपी के संगठन को मजबूत करने, पार्टी की भविष्य की रणनीति और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई है। यह भी माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर और सुनेत्रा पवार के बीच बैठक के दौरान महाराष्ट्र में एनसीपी के संगठनात्मक ढांचे में बदलाव और पार्टी नेतृत्व को नए सिरे से मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी विचार-विमर्श हुआ। हाल ही में पार्टी के महिला, युवा और छात्र संगठनों में हुई नई नियुक्तियों को भी इसी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

ये भी पढ़ें- सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहने पर गरमाई महाराष्ट्र की सियासत, एनसीपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

सुनेत्रा पवार को चुनाव आयोग ने भेजा लेटर, पार्टी संविधान में हुए बदलावों के मांगे दस्तावेज