1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहने पर गरमाई महाराष्ट्र की सियासत, एनसीपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

सुनेत्रा पवार को 'गूंगी गुड़िया' कहने पर गरमाई महाराष्ट्र की सियासत, एनसीपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना

 Reported By: Sachin Chaudhary Written By: Niraj Kumar
 Published : Aug 04, 2026 02:37 pm IST,  Updated : Aug 04, 2026 06:31 pm IST

महाराष्ट्र की सियासत उस वक्त गरमा गई जब कांग्रेस की ओर से एनसीपी नेता सुनेत्रा पवार को गूंगी गुड़िया बताया गया। एनसीपी की ओर से इस पर तीव्र विरोध जताया गया है।

Sunetra Pawar- India TV Hindi
सुनेत्रा पवार Image Source : PTI

मुंबई: महाराष्ट्र में जहां एनसीपी के दोनों गुटों के विलय से जुड़ी खबरें सूबे की सियासत को हवा देती रहती हैं वहीं अब कांग्रेस द्वारा महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को “गूंगी गुड़िया” कहे जाने पर राज्य की राजनीति गरमा गई है।

महाराष्ट्र कांग्रेस का एक्स पोस्ट।
Image Source : X/INCMAHARASHTRAमहाराष्ट्र कांग्रेस का एक्स पोस्ट।

कांग्रेस के बयान पर NCP ने जताया कड़ा विरोध

महाराष्ट्र कांग्रेस ने सुनेत्रा पवार के हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस और बीड़ दौरे का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि वह आखिर कब तक 'गूंगी गुड़िया' बनी रहेंगी। कांग्रेस के इस बयान के बाद महायुति में शामिल अजित पवार की एनसीपी ने कड़ा विरोध जताया है।

धनंजय मुंडे ने बताया महिलाओं का अपमान

कांग्रेस के इस बयान पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया एनसीपी (अजित पवार) की ओर से आई। पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे ने इसे महिलाओं का अपमान बताया। उन्होंने कहा कि सुनेत्रा पवार को ‘गूंगी गुड़िया’ कहना कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को दर्शाता है और राजनीतिक विरोध के नाम पर ऐसी भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती।

छगन भुजबल ने की निंदा

धनंजय मुंडे के बाद कैबिनेट मंत्री छगन भुजबल भी कांग्रेस पर हमलावर हो गए। भुजबल ने कहा कि जिस कांग्रेस की प्रमुख नेता सोनिया गांधी हैं और जिसकी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को कभी ‘गूंगी गुड़िया’ कहे जाने पर कांग्रेस को आपत्ति होती थी, वही कांग्रेस आज दूसरी पार्टी की महिला नेता सुनेत्रा पवार के लिए उसी तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए कांग्रेस के बयान की निंदा की।

फडणवीस ने कांग्रेस पर साधा निशाना

इस पूरे विवाद पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा। फडणवीस ने कहा कि कांग्रेस अब राजनीतिक मर्यादा का स्तर लगातार गिरा रही है। उनके मुताबिक कांग्रेस को जनता का समर्थन नहीं मिल रहा है, इसलिए केवल सुर्खियों में बने रहने के लिए इस तरह की बयानबाजी की जा रही है।

कांग्रेस अपनी विचारधारा और संस्कारों से भटकी:एनसीपी

एनसीपी नेताओं ने कांग्रेस की इस टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस की कभी अपनी एक राजनीतिक संस्कृति और मर्यादा हुआ करती थी, लेकिन अब वह अपनी विचारधारा और संस्कारों से भटक गई है। 

कांग्रेस पर महिलाओं के अपमान का आरोप

एनसीपी नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं का अपमान कर रही है और किसी महिला नेता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना उसकी मानसिकता को दर्शाता है।

गलत हाथों में है महाराष्ट्र कांग्रेस का नेतृत्व-एनसीपी

एनसीपी नेताओं ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र कांग्रेस का नेतृत्व गलत हाथों में चला गया है, इसलिए पार्टी के नेताओं की भाषा और उनका राजनीतिक स्तर लगातार गिरता जा रहा है। इस बयानबाजी के बाद राज्य में कांग्रेस और एनसीपी (अजित पवार गुट) के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। बता दें कि इससे पहले  27 जुलाई को NCP की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनेत्रा पवार को चुनाव आयोग ने एक पत्र भेजा था। इस पत्र में आयोग ने कहा है कि पार्टी संविधान में किए गए कई बदलावों के समर्थन में जरूरी दस्तावेज और प्रस्ताव उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।

इंदिरा गांधी को भी “गूंगी गुड़िया” कहा जाता था

वहीं कांग्रेस द्वारा सुनीत्रा पवार को “गूंगी गुड़िया” कहे जाने पर रोहित पवार ने अपरोक्ष रूप से कांग्रेस के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने यह बात जिस संदर्भ में कही, वही महत्वपूर्ण है। रोहित पवार के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार के सवाल पर धनंजय मुंडे ने हस्तक्षेप कर उन्हें चुप कराया। उन्होंने कहा कि अगर वहां अजित पवार मौजूद होते तो वे धनंजय मुंडे को चुप कराते। सुनीत्रा पवार को खुद बोलना चाहिए था और धनंजय मुंडे को रोकना चाहिए था। उन्होंने कहा कि “गूंगी गुड़िया” कहना अच्छी भी बात है और बुरी भी। अच्छी इसलिए क्योंकि कभी इंदिरा गांधी को भी “गूंगी गुड़िया” कहा जाता था, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को साबित किया।

एनसीपी के दोनों गुटों का विलय होगा या नहीं

कांग्रेस की ओर से यह बयान ऐसे समय में आया है जब इस बात की अटकलें काफी तेज हैं कि एनसीपी के दोनों गुट आपस में एक हो सकते हैं। इस संबंध में एनडीए में शीर्ष लेवल पर बातचीत भी हुई है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ भी साफ नहीं हो पाया है। हाल में महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी के वरिष्ठ नेता छगन भुजबल ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों का विलय जब होना होगा, तब होगा और इस बारे में फैसला उनकी पार्टी की प्रमुख सुनेत्रा पवार की देखरेख में लिया जाएगा। उनका यह बयान एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार द्वारा दोनों गुटों के संभावित विलय की अटकलों को खारिज करने के बाद आया है। 

ये भी पढ़ें:

महाराष्ट्र में सियासी हलचल, NCP की प्रमुख कैसे बनीं सुनेत्रा पवार? पार्टी नेता ने ही भेजा कानूनी नोटिस

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।