1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 'मेरा विहान वापस आएगा', घंटों तक बेटे का क्रिकेट बैट थामे रोती रही मां; मुंबई में स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से गई जान

'मेरा विहान वापस आएगा', घंटों तक बेटे का क्रिकेट बैट थामे रोती रही मां; मुंबई में स्कूल वैन पर पेड़ गिरने से गई जान

मुंबई के चेंबूर में स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई। विहान की मां उसे बहुत प्यार करती थी। वही उसकी पूरी दुनिया थी। कल काफी देर तक विहान की मां अपने बेटे का क्रिकेट बैट पकड़े रोती रही।

vihan srivastav- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मुंबई के चेंबूर में मंगलवार को पेड़ गिरने से 11 साल के विहान की मौत हो गई थी।

मुंबई के चेंबूर इलाके में मंगलवार को एक स्कूल वैन पर पीपल का बड़ा पेड़ गिरने की वजह से 11 साल के विहान श्रीवास्तव की मौत हो गई। बस में 12 बच्चे मौजूद थे जिनमें से 5 घायल हुए थे। उन्हें मुंबई के जेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं, घायलों में से एक छात्र विहान श्रीवास्तव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस घटना के कई घंटों बाद भी विहान की मां अपने बेटे का क्रिकेट बैट पकड़े बैठी रही। उन्हें यकीन था कि उनका बेटा वापस आएगा और क्रिकेट खेलेगा। 

घटना की टाइमलाइन-

  • दोपहर 2:58 बजे– चेंबूर के 11वें रोड पर लगभग 70 साल पुराना पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर यूनिवर्सल हाई स्कूल की वैन पर गिर गया। वैन में 12 छात्र सवार थे। बस कंडक्टर और स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, बीएमसी और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
  • दोपहर 3:30 बजे– हादसे में घायल पांच बच्चों (तीन लड़के और दो लड़कियां) को जेन मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें चार बच्चों को मामूली चोटें आईं, जबकि एक लड़का गंभीर रूप से घायल था।
  • शाम 4:23 बजे – 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

बीएमसी के एक अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक जिस वक्त इस रोड पर कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था, उस वक्त यह बात ध्यान में आई थी कि पीपल का पेड़ कमजोर हो गया है। मिली जानकारी के मुताबिक गार्डन डिपार्टमेंट ने रोड कंस्ट्रक्शन डिपार्टमेंट के अधिकारियों को इस बारे में सूचित किया था कि पेड़ के जड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए हालांकि उस वक्त उन्हें कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। 

BMC एक्शन में, दो बड़े लेवल के अधिकारी निलंबित

  • आज इस मामले में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने सड़क विभाग के एक इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सड़क पुनर्निर्माण और निगरानी कार्य में लापरवाही सामने आई है।
  • शुरुआती जांच रिपोर्ट के आधार पर BMC ने असिस्टेंट इंजीनियर (सड़क M वार्ड वेस्ट) अरुण मुंडे को भी विभागीय जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया है। घटना की जांच पूरी होने तक निलंबन प्रभावी रहेगा।

3 साल में पेड़ गिरने से 12 लोगों की मौत

तेज बारिश में मुंबई में जर्जर हुए पेड़ों की वजह से कई दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है आज सुबह भी मुंबई के मरीन ड्राइव पर एक बड़ा पेड़ ऐसे ही गिर गया। केवल इतना ही नहीं पिछले 3 सालों में पेड़ गिरने की वजह से 12 लोगों की मौत हुई है तो वहीं 125 लोग घायल हुए। 

मुंबई में जर्जर पेड़ों की कटाई का काम शुरू

विहान की मौत के बाद मुंबई पुलिस ने इस केस में ADR दाखिल कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच के निर्देश दिए। इस घटना के बाद बीएमसी ने मुंबई के कई इलाकों में जर्जर पेड़ों की कटाई का काम शुरू किया है।

BMC ने गठित की जांच समिति

बीएमसी ने पेड़ गिरने की दुर्घटना की जांच के लिए जांच समिति भी गठित की है। महानगरपालिका आयुक्त ने 8 दिनों के भीतर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। समिति को विशेषज्ञों की राय लेकर मुंबई में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के उपाय सुझाने होंगे।

मिली जानकारी के अनुसार, गिरा हुआ पीपल का पेड़ लगभग 70 साल पुराना था और उसके संबंध में पहले कोई आधिकारिक सार्वजनिक शिकायत दर्ज नहीं हुई थी। हालांकि, जनवरी 2026 में इलाके में सड़क किनारे चल रहे कार्यों के दौरान एम-पश्चिम विभाग के सहायक आयुक्त ने निरीक्षण कर आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए थे।

यह भी पढ़ें-

मुंबई में बारिश से 2 की मौत, हाई टाइड की चेतावनी; पवई झील हुई ओवरफ्लो

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर बड़ा हादसा, ट्रक से टक्कर के बाद बस में लगी आग, 8 की मौत 15 घायल