1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. रक्तदान शिविर में बांटी गईं घड़ियां तो FDA ने कर दी कार्रवाई, मुंबई के तीन ब्लड बैंकों के लाइसेंस निलंबित

रक्तदान शिविर में बांटी गईं घड़ियां तो FDA ने कर दी कार्रवाई, मुंबई के तीन ब्लड बैंकों के लाइसेंस निलंबित

मुंबई में रक्तदान शिविर में घड़ियां बांटे जाने के बाद FDA ने कार्रवाई की है। मुंबई के तीन ब्लड बैंकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। बता दें कि रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को किसी भी तरह का उपहार देना प्रतिबंधित है।

blood bank watch gift fda action- India TV Hindi
Image Source : PTI/PEXELS रक्तदान शिविर में घड़ियां बांटने पर एक्शन। (सांकेतिक फोटो)

महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को टाइटन कंपनी की घड़ियां उपहार में दिए जाने के मामले में मुंबई के तीन ब्लड बैंकों के खिलाफ कार्रवाई की है।  स्वैच्छिक रक्तदान के दौरान रक्तदाताओं को उपहार देने पर रोक संबंधी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने के बाद प्रशासन ने तीनों ब्लड बैंकों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। FDA के अनुसार, कार्रवाई की जद में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड सेंटर, मुंबई; डीन ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जे.जे. समूह अस्पताल का ब्लड सेंटर, भायखला; और बी.वाई.एल. नायर चैरिटेबल अस्पताल ब्लड सेंटर, मुंबई सेंट्रल शामिल हैं।

अप्रैल में आयोजित हुआ था रक्तदान शिविर

मुंबई के अल्टामाउंट रोड स्थित यंग स्टार कमेटी ने अप्रैल 2026 के आसपास रक्तदान शिविर आयोजित किया था। शिविर के विज्ञापन में रक्तदाताओं को टाइटन कंपनी की घड़ियां उपहार में देने की बात कही गई थी। राष्ट्रीय रक्त संक्रमण परिषद (NBTC) के स्वैच्छिक रक्तदान संबंधी दिशा-निर्देशों के अनुसार, रक्तदान शिविर में रक्तदाताओं को किसी भी तरह का उपहार देना प्रतिबंधित है।

जांच में रक्तदाताओं ने की पुष्टि

शुरुआत में शिविर के आयोजकों और इसमें शामिल ब्लड बैंकों ने उपहार वितरण की जानकारी नहीं होने की बात कही थी। हालांकि, FDA की जांच के दौरान कुछ रक्तदाताओं से संपर्क किया गया, जिन्होंने घड़ियां उपहार में मिलने की पुष्टि की। इसके बाद FDA ने 22 अगस्त 2026 को संबंधित ब्लड बैंकों का निरीक्षण किया। सामने आई खामियों को लेकर 2 सितंबर 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। संबंधित ब्लड बैंकों की व्यक्तिगत सुनवाई भी हुई। उनके स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित करने का फैसला लिया गया। बता दें कि FDA ने राज्य में नकली दवाओं पर भी बड़ा एक्शन लिया है और 4 महीने में 4256 जगहों का निरीक्षण कर के 19 करोड़ की दवाएं जब्त की हैं।

लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई

FDA ने इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी ब्लड सेंटर का लाइसेंस पांच दिनों के लिए, जबकि डीन ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जे.जे. समूह अस्पताल तथा बी.वाई.एल. नायर चैरिटेबल अस्पताल के ब्लड सेंटरों के लाइसेंस तीन-तीन दिनों के लिए निलंबित किए हैं। हालांकि, डीन ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जे.जे. समूह अस्पताल और बी.वाई.एल. नायर चैरिटेबल अस्पताल के ब्लड सेंटरों ने निलंबन आदेश के खिलाफ राज्य सरकार के समक्ष अपील दायर की है। प्रेस नोट के अनुसार, दोनों को निलंबन आदेशों पर अंतरिम स्थगन मिला है।

FDA ने नियमों के पालन की दी चेतावनी

महाराष्ट्र FDA के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने कहा कि रक्तदान सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता की सेवा से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। रक्तदान के लिए किसी भी तरह के उपहार या प्रलोभन का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि सभी ब्लड बैंक लागू कानूनी प्रावधानों और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

ये भी पढ़ें- MPSC में सुधार के लिए तुकाराम मुंढे को बड़ी जिम्मेदारी, 10 दिन बाद अभ्यर्थियों का आंदोलन खत्म

सरकारी अधिकारी से मारपीट मामले में वाशिम के यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष दोषी करार, कोर्ट ने सुनाई 4 साल जेल की सजा