1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में फेंका शव

सार्वजनिक शौचालय में मजदूर की पीट-पीटकर हत्या, फिर नाले में फेंका शव

एक सार्वजनिक शौचालय के अंदर मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसकी मौत के बाद दोनों आरोपियों ने शव को पास के नाले में फेंककर सीमेंट की बोरियों और कचरे से ढक दिया।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : PEXELS.COM प्रतीकात्मक फोटो

महाराष्ट्र के ठाणे के कपूरबावड़ी इलाके में नगर निकाय द्वारा संचालित एक सार्वजनिक शौचालय के अंदर 40 वर्षीय मजदूर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान राजू गुजराती (40) के रूप में हुई है। घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है।

बहस के दौरान राजू पर हुआ हमला

पुलिस के अनुसार, राजू का शौचालय सुविधा के ठेकेदार के भाई रमन मिश्रा और उसके दोस्त प्रह्लाद गौड़ से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि बहस के दौरान दोनों ने राजू पर हमला कर दिया। उन्होंने उसका सिर दीवार से दे मारा और फर्श की टाइल से भी उस पर वार किया। गंभीर चोट लगने के बाद राजू की मौत हो गई।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास के नाले में फेंककर छिपाने की कोशिश की। शव को सीमेंट की बोरियों, कचरे और अन्य सामान से ढक दिया गया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव बरामद किया और मामले की जांच शुरू की। रमन मिश्रा और प्रह्लाद गौड़ के खिलाफ हत्या समेत अन्य संबंधित अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

95.7 प्रतिशत अंक लाने वाले छात्र ने की आत्महत्या

एक अन्य खबर में, अपनी पसंद के उच्च शिक्षण संस्थान में दाखिला न मिलने से कथित तौर पर गंभीर रूप से निराश 17 वर्षीय छात्र ने ठाणे में आत्महत्या कर ली। छात्र ने 12वीं की विज्ञान की परीक्षा में 95.7 प्रतिशत शानदार अंक हासिल किए थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना घोड़बंदर रोड स्थित हीरानंदानी एस्टेट की है। मृतक छात्र इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी (IIEST), शिबपुर से बीएस-एमएस (BS-MS) दोहरी डिग्री की पढ़ाई करना चाहता था। हालांकि, प्रवेश परीक्षा में 10,474वीं रैंक आने के कारण उसे मनचाही सीट नहीं मिल पाई थी, जिससे वह काफी तनाव में था।

शुक्रवार शाम को छात्र साइकिल चलाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब 8:15 बजे उसने अपने परिवार के व्हाट्सऐप ग्रुप पर जान देने का संदेश भेजा। इसके बाद उसका फोन बंद आने पर परिजनों ने तुरंत कसारवडावली पुलिस को इसकी सूचना दी। तलाश के दौरान छात्र एक आवासीय इमारत की 22वीं मंजिल से छलांग लगा चुका था और वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपार्टमेंट के पास फुटपाथ पर मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली के सत्य निकेतन में जान गंवाने वाले 19 साल के छात्र के परिवार का बड़ा फैसला, मृतक की कॉर्निया दान करेंगे

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर हाईकोर्ट सख्त, एमसीडी और दिल्ली सरकार को नोटिस, कहा-जिम्मेदारी से नहीं भाग सकते