1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. दिल्ली के सत्य निकेतन में जान गंवाने वाले 19 साल के छात्र की कॉर्निया दान करेगा परिवार, किसी मरीज की आंखों को मिलेगी रोशनी

दिल्ली के सत्य निकेतन में जान गंवाने वाले 19 साल के छात्र की कॉर्निया दान करेगा परिवार, किसी मरीज की आंखों को मिलेगी रोशनी

 Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Sep 08, 2026 06:56 am IST,  Updated : Sep 08, 2026 07:44 am IST

दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले 19 साल के छात्र के परिजनों ने मृतक की कॉर्निया दान करने का फैसला किया है। इससे किसी मरीज की आंखों को रोशनी मिलेगी।

Devas- India TV Hindi
19 साल के छात्र अर्पित मध्य प्रदेश के देवास के रहने वाले थे और दिल्ली हादसे में उनकी जान चली गई Image Source : REPORTER INPUT/INDIA TV

नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने से जान गंवाने वाले 19 साल के छात्र अर्पित को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। अर्पित के परिवार ने उसकी कॉर्निया दान करने का फैसला किया है। 

क्या है पूरा मामला?

गौरतलब है कि दिल्ली के सत्य निकेतन में एक बिल्डिंग गिरने से 7 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में 19 साल का अर्पित भी शामिल है। अर्पित के परिवार ने फैसला किया है कि उसकी कॉर्निया दान करेंगे, जिससे वह किसी और की आंखों की रोशनी बन सकेगा।

अर्पित की मौत से उसका परिवार पूरी तरह टूट गया है। वह रक्षाबंधन पर परिवार के साथ समय बिताने के लिए मध्य प्रदेश गया था और रविवार सुबह ही मध्य प्रदेश से दिल्ली लौटा था। इस दौरान उसकी मां ने उसे रोका भी था और कहा था कि अभी दिल्ली मत जाओ लेकिन किसे पता था कि अर्पित अब कभी जीवित वापस नहीं लौटेगा।

बेटे का शव देखकर बेहोश हुई मां

अर्पित का शव जब उसकी मां ने देखा तो वह बेहोश हो गईं और उन्हें एम्स में एडमिट करवाया गया। परिवार वालों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। 19 साल की उम्र में जब लोग अपने जीवन के सपने देखना शुरू करते हैं, उस उम्र में अर्पित हमेशा के लिए इस दुनिया से दूर गया। 

अर्पित की मौत से उसके परिजन सदमे में हैं लेकिन उन्होंने इस कठिन समय में भी समाजसेवा के बारे में सोचा और मृत अर्पित की कॉर्निया दान करने का फैसला किया। इससे मौत के बाद भी अर्पित किसी की आंखों की रोशनी बनेगा।

एमपी के देवास के रहने वाले थे अर्पित

अर्पित जाज, एमपी के देवास के रहने वाले थे और दिल्ली में पढ़ाई कर रहे थे। वह बीकॉम सेकंड ईयर के छात्र थे। रविवार को दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने की घटना में अर्पित की मौत हो गई थी। अर्पित के शव की पहचान उनके पिता ने की थी। 

बता दें कि जिस बिल्डिंग में ये हादसा हुआ, उसका नाम हॉस्टल डेज था और दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र इस बिल्डिंग में चल रहे पीजी में रहते थे। जिस समय बिल्डिंग गिरी, उसके बेसमेंट में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। दिल्ली पुलिस ने बिल्डिंग के मालिक और उनकी पत्नी को पकड़ा है और उन्हें जेल भेजा गया है। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- 

सत्य निकेतन बिल्डिंग हादसे पर हाईकोर्ट सख्त, एमसीडी और दिल्ली सरकार को नोटिस, कहा-जिम्मेदारी से नहीं भाग सकते

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।