1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. महाराष्ट्र के विरार में सनसनी! बंद फ्लैट में 3 भाई-बहनों के शव मिले, तीनों की उम्र 45-50 साल के बीच; मौत से पहले बनाया था वीडियो

महाराष्ट्र के विरार में सनसनी! बंद फ्लैट में 3 भाई-बहनों के शव मिले, तीनों की उम्र 45-50 साल के बीच; मौत से पहले बनाया था वीडियो

विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी परिसर में एक बंद फ्लैट से 2 भाइयों और उनकी बहन के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था।

विरार के इसी फ्लैट में...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT विरार के इसी फ्लैट में मिले भाई-बहनों के शव।

महाराष्ट्र के विरार पश्चिम के ग्लोबल सिटी इलाके में एक बंद फ्लैट से तीन भाई-बहनों के शव मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस को प्राथमिक संदेह है कि तीनों ने जहर पीकर आत्महत्या की होगी। मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था और परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था। इसी वजह से तीनों ने जहर पीकर आत्महत्या की होगी, पुलिस ने ऐसा संदेह जताया है। हालांकि, उनकी मौत का सही कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

बंद फ्लैट से आ रही थी तेज दुर्गंध

यह घटना ग्लोबल सिटी स्थित के 3 के एवेन्यू (K3 K Avenue) इमारत की डी विंग के फ्लैट नंबर 1203 में हुई। बंद फ्लैट से तेज दुर्गंध आने पर इमारत के निवासियों ने सोसायटी के सचिव को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सचिव ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही बोलींज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दरवाजा खोला तो अंदर 3 शव मिले।

मौत से पहले मोबाइल फोन में किया था वीडियो रिकॉर्ड

जानकारी के मुताबिक, मृतक तीनों आपस में भाई-बहन थे और उनकी उम्र 40 वर्ष से ज्यादा थी। मृतकों की उम्र लगभग 45 से 50 वर्ष के बीच बताई जा रही है। मृतकों में एक भाई का नाम कुमार मेहता बताया गया है। बताया जा रहा है कि मौत से पहले भाई-बहनों में से एक ने अपने मोबाइल फोन पर वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें आत्महत्या का उल्लेख होने की बात सामने आई है।

Image Source : reporter inputविरार के ग्लोबल सिटी इलाके की घटना।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। मौत का सही कारण और समय पता लगाने के लिए जांच जारी है। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा करने के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

आर्थिक तंगी का सामना कर रहा था परिवार

बोलींज पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश कावले ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतकों में से एक व्यक्ति कैंसर से पीड़ित था, जबकि परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल फोन में मिले वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि तीनों की मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।

इस बीच, जानकारी सामने आई है कि इस इमारत में एक साल के भीतर आत्महत्या की यह तीसरी घटना है। करीब दो महीने पहले एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने आत्महत्या की थी। इससे पहले दसवीं कक्षा के एक छात्र ने इमारत की 14वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी।

पैरों में लोहे की जंजीर बांधी, ताला लगाया और तापी नदी में लगा दी छलांग

बता दें कि इससे पहले हाल ही में महाराष्ट्र के धुले में एक दंपति का शव नदी से बरामद किया गया था। दोनों के पैरों में जंजीर लगी हुई थी। मृतक पति-पत्नी की पहचान श्याम हरी पाटिल (उम्र 28) और सपना पाटिल (उम्र 20) के रूप में हुई है। 

(रिपोर्ट- हनिफ पटेल)

यह भी पढ़ें-

'आत्महत्या करने वाले किसानों के अंतिम संस्कार में न जाएं', शिवसेना MLA का विवादित बयान

भारतीय एथलीट नीरज यादव ने किया सुसाइड, एशियन पैरा गेम्स में जीते थे 3 गोल्ड मेडल