1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. पैरों में लोहे की जंजीर बांधी, ताला लगाया और तापी नदी में लगा दी छलांग, दंपति का मिला शव; दोनों ने की थी लव मैरिज

पैरों में लोहे की जंजीर बांधी, ताला लगाया और तापी नदी में लगा दी छलांग, दंपति का मिला शव; दोनों ने की थी लव मैरिज

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 10, 2026 11:07 am IST,  Updated : Oct 10, 2026 11:53 am IST

महाराष्ट्र के धुले में एक दंपति का शव नदी से बरामद किया गया है। दोनों के पैरों में जंजीर लगी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

नदी में छलांग लगाकर की आत्महत्या।- India TV Hindi
नदी में छलांग लगाकर की आत्महत्या। Image Source : REPORTER INPUT

धुले: जिले के शिरपुर तालुका के सावलदे में तापी नदी में एक नवविवाहित दंपति के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों के पैर लोहे की जंजीर से बंधे हुए थे और उस पर ताला लगा हुआ था। मृतकों की शिनाख्त की जा चुकी है। जानकारी के अनुसार दोनों ने प्रेम विवाह किया था। इस हृदयविदारक घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक पति-पत्नी की पहचान श्याम हरी पाटिल (उम्र 28) और सपना पाटिल (उम्र 20) के रूप में हुई है। ये दोनों मूल रूप से जलगांव जिले के अमलनेर तालुका स्थित पाडलसरे के रहने वाले थे और वर्तमान में एरंडोल तालुका के उत्राण में रह रहे थे।

पैरों में लगी थी जंजीर

बताया जा रहा है कि सावलदे गांव के पास तापी नदी में स्थानीय लोगों को दो शव तैरते हुए दिखाई दिए। पुलिस द्वारा किए गए पंचनामे में एक बेहद खौफनाक और सुन्न कर देने वाली बात सामने आई। नदी में छलांग लगाने से पहले दोनों ने अपने पैरों में लोहे की जंजीर लपेटकर ताला लगा दिया था, ताकि पानी से बचने या बाहर निकलने का कोई भी रास्ता न बचे।

दोनों ने किया था प्रेम विवाह

घटना की जानकारी मिलते ही नरडाणा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों और आपदा प्रबंधन दल की मदद से दोनों शवों को पानी से बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन उन्होंने इतना खौफनाक कदम किस वजह से उठाया, कोई पारिवारिक विवाद था या कोई और कारण, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। नरडाणा पुलिस मामले की सभी कोणों से गहन जांच कर रही है।

सुसाइड पॉइंट बन रहा पुल

इसी बीच, सावलदे में तापी नदी के पुल से कूदकर आत्महत्या करने की घटनाओं में हो रही लगातार वृद्धि पर स्थानीय नागरिकों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। यह पुल अब एक 'सुसाइड पॉइंट' बनता जा रहा है, जिसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा के लिहाज से यहां तुरंत ऊंची जालियां (लोहे की फेंसिंग) लगाई जाएं, सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएं। (इनपुट- उबेद कादरी)

डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।

या

TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)

(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)

यह भी पढ़ें-

मुंबई की टाटा कॉलोनी के लेबर कैंप में लगी भीषण आग, धड़ाधड़ फटे 7 गैस सिलेंडर; धमाके का VIDEO आया सामने

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।