1. Hindi News
  2. महाराष्ट्र
  3. 12 साल के बेटे को सैनिक स्कूल छोड़कर गांव निकले पिता, रास्ते में मिली मौत की खबर; फांसी की आशंका

12 साल के बेटे को सैनिक स्कूल छोड़कर गांव निकले पिता, रास्ते में मिली मौत की खबर; फांसी की आशंका

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Oct 09, 2026 10:57 am IST,  Updated : Oct 09, 2026 11:22 am IST

महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले एक सैनिक स्कूल के कक्षा 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र स्कूल के हॉस्टल में रहता था। पिता उसे स्कूल में छोड़कर अपने गांव की ओर निकले ही थे कि रास्ते में ही स्कूल से फोन आया और उन्हें बेटे की मौत की सूचना दी गई।

मृतक छात्र की फाइल...- India TV Hindi
मृतक छात्र की फाइल फोटो। Image Source : REPORTER INPUT

महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर से सटे बल्लारपुर मार्ग स्थित एक निजी शिक्षण संस्था की सन्मित्र सैनिक स्कूल में कक्षा पांचवीं के 12 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक छात्र की पहचान जीवन विलास झरेकर के रूप में हुई है। वह राजुरा तहसील के खांबाड़ा गांव का निवासी था। शाम करीब 6 बजे यह घटना सामने आने से स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया।

पिता डॉक्टर के पास ले गए, स्कूल छोड़कर गांव निकले

जानकारी के अनुसार, जीवन इसी शैक्षणिक वर्ष में सन्मित्र सैनिक स्कूल में दाखिल हुआ था और स्कूल के ही हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार को उसके शरीर पर त्वचा संबंधी समस्या होने के बाद उसके पिता उसे चंद्रपुर शहर के एक त्वचा रोग विशेषज्ञ के पास लेकर गए थे। डॉक्टर को दिखाने के बाद पिता अपने बेटे को वापस स्कूल में छोड़कर खांबाड़ा गांव स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गए।

बताया जा रहा है कि पिता रास्ते में ही थे कि स्कूल के एक शिक्षक का उनके मोबाइल पर फोन आया और उन्हें तत्काल स्कूल पहुंचने के लिए कहा। पिता वापस स्कूल की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उन्हें दोबारा फोन आया तब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी दी गई।

परिजनों ने क्या कहा?

घटना के बाद छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल भेजा गया। परिजनों का कहना है कि फिलहाल स्कूल प्रबंधन, अस्पताल अथवा पुलिस की ओर से छात्र की मौत के वास्तविक कारण को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर पुलिस द्वारा पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

स्कूल हॉस्टल में फांसी लगाने की आशंका

प्राथमिक तौर पर जानकारी सामने आ रही है कि छात्रावास में रहने को लेकर छात्र असहज था। घटना के समय अन्य छात्र मैदान में खेल रहे थे, इसी दौरान छात्र के अपने कमरे में जाकर फांसी लगाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, यह केवल प्रारंभिक जानकारी और अनुमान है। छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया इसका वास्तविक कारण क्या था और घटना किन परिस्थितियों में हुई, यह पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतक छात्र के परिजन स्कूल पहुंचे। बेटे की मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने स्कूल प्रशासन की कार्यप्रणाली और छात्र की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं, अब पुलिस जांच के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।

इससे पहले हाल ही में महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के फेमस दिवेआगर बीच पर एक दुखद घटना हुई थी। पिकनिक पर आए 8 छात्रों की रायगढ़ के दिवेआगर समुद्र तट पर डूबने से मौत हो गई थी। 

(रिपोर्ट- मिलिंद दिंन्डेवार)

यह भी पढ़ें-

मुंबई की टाटा कॉलोनी के लेबर कैंप में लगी भीषण आग, धड़ाधड़ फटे 7 गैस सिलेंडर; धमाके का VIDEO आया सामने

हिंगोली में इंडियन ऑयल के मैनेजर की सरेआम 7 बार चाकू गोदकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार; पेट्रोलियम मंत्री ने जताया शोक

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। महाराष्ट्र से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।