1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'कितने लोग आ रहे हैं?' जब फार्महाउस आ रहे फोटोग्राफर दोस्त से नाना पाटेकर ने किया सवाल, अतुल कासबेकर ने सुनाया किस्सा

'कितने लोग आ रहे हैं?' जब फार्महाउस आ रहे फोटोग्राफर दोस्त से नाना पाटेकर ने किया सवाल, अतुल कासबेकर ने सुनाया किस्सा

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 09, 2026 10:06 am IST,  Updated : Oct 09, 2026 10:06 am IST

अतुल कासबेकर ने नाना पाटेकर के निधन के बाद सोशल मीडिया पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट शेयर करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और इसी के साथ उनसे जुड़े कुछ किस्से भी साझा किए।

Nana Patekar- India TV Hindi
नाना पाटेकर। Image Source : INSTAGRAM/@ATULKASBEKAR

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के 75 साल की उम्र में निधन ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। फिल्म जगत से लेकर राजनीति जगत तक के दिग्गजों ने नाना पाटेकर के निधन की खबर पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। नाना पाटेकर के निधन के बाद उनसे जुड़े कई किस्से भी फिर चर्चा में आ गए हैं। नाना पाटेकर अपनी सीधी-सादी पर्सनैलिटी और दमदार एक्टिंग के लिए तो मशहूर थे ही, इंडस्ट्री में अपने दोस्तों के बीच वह अपनी मेहमान नवाजी के लिए भी जाने जाते थे। नाना के निधन के बाद उनके फोटोग्राफर दोस्त अतुल कासबेकर ने उनसे जुड़े कुछ किस्से साझा किए। उन्होंने वो दिन याद किया जब वह नाना पाटेकर के फार्महाउस पहुंचे थे। उनके पहुंचने से पहले नाना ने उन्हें कॉल किया था और पूछा था कि वह कितने लोगों के साथ आ रहे हैं। उन्होंने ये सवाल इसलिए किया, ताकि वह सभी के लिए खाने की व्यवस्था कर सकें।

जब नाना पाटेकर के फार्महाउस पहुंचे अतुल कासबेकर

अतुल कासबेकर ने सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर की कुछ तस्वीरें साझा कीं और उनके लिए एक लंबा-चौड़ा पोस्ट भी लिखा। नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देते हुए अतुल कासबेकर ने कैप्शन में लिखा- 'नाना साहेब... क्या इंसान थे वो, ये बहुत ही बड़ा नुकसान है। नाना पाटेकर के साथ मेरा रिश्ता बेहद आत्मीय था। हम अक्सर तो नहीं मिलते थे, लेकिन जब भी मिलते थे ऐसा लगता था जैसे कल ही मिले हों। उन्हें इस बात पर विशेष गर्व था कि उनके एक साथी महाराष्ट्रीयन ने फोटोग्राफी के क्षेत्र में इतना नाम कमाया है। उनके शब्द हमेशा प्यार और अपनेपन से भरे होते थे, जिनमें उनकी हास्य-व्यंग्य की झलक होती थी।'

बेहतरीन मेहमान नवाज थे नाना पाटेकर

अपने पोस्ट में अतुल आगे लिखते हैं- 'नाना अपनी अलग पहचान रखने वाले शख्स थे। वह जहां भी जाते थे, छा जाते थे। मेरी सबसे प्यारी यादों में अपनी प्रदर्शनी 'ऑनेस्ट: पोर्ट्रेट्स ऑफ़ कैरेक्टर' के लिए उनकी तस्वीरें खींचना है। शायद यह उनके आखिरी औपचारिक पोर्ट्रेट सेशन में से एक था। उन्होंने मुझे अपने पुणे के पास उनके फार्म पर आने का न्योता दिया। जब मैं वहां जा रहा था तो उनका पहला सवाल यह था कि कितने लोग आ रहे हैं। यह सवाल क्रू के साइज की चिंता की वजह से नहीं, बल्कि इसलिए था क्योंकि सभी को लंच परोसा जाना था। और क्या शानदार दावत थी!'

नाना खुद परोस रहे थे खाना

अतुल कासबेकर ने बताया कि नाना पाटेकर ने उनके साथ पहुंचे सभी लोगों को खुद खाना परोसा। उन्होंने लिखा- 'हर असिस्टेंट, स्पॉट बॉय और ड्राइवर उनके डाइनिंग एरिया में बैठे थे, और नाना साहब खुद घूम-घूमकर सबको एक्स्ट्रा रोटियां और अपना मशहूर मटन परोस रहे थे। कोई ऊंच-नीच, कोई दिखावा नहीं। बस एक ऐसे इंसान की ज़बरदस्त दरियादिली, जो सिर्फ़ एक भौंह उठाकर पूरे फिल्म सेट पर रौब जमा सकता था। फिर उन्होंने बड़े गर्व से मुझे अपनी प्रॉपर्टी दिखाई, जिसमें उनका जिम भी शामिल था। वहां उन्होंने बिना किसी वॉर्म-अप के, बड़ी आसानी से एक दर्जन ट्राइसेप डिप्स लगा लिए। क्या जबरदस्त अंदाज था!'

आप जैसा कभी कोई नहीं होगा- अतुल कासबेकर

'इसी दौरान उन्होंने मुझे लकड़ी का वह ढेर दिखाया जो उन्होंने अपने अंतिम संस्कार के लिए तैयार किया था। उन्होंने बताया कि उन्होंने लकड़ियों को सूखा रखा था, क्योंकि गीली लकड़ी से धुआं निकलता है, और वह नहीं चाहते थे कि लोग उनके अंतिम संस्कार में सिर्फ इसलिए रोएं क्योंकि धुआं उनकी आंखों में चला गया! सिर्फ नाना साहेब ही अपने अंतिम संस्कार को एक कॉमेडी शो में बदल सकते थे। एक जबरदस्त एक्टर। एक पीढ़ी की आवाज़। और उस रौबदार बाहरी रूप के पीछे, एक बेहद दरियादिल और नेक इंसान। उनके जाने का दुख अपना सा लगता है। जैसे पेट पर जोरदार मुक्का लगा हो। उनकी तस्वीरें खींचने का मौका मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है, लेकिन उससे कहीं ज़्यादा मैं उस समय, बातचीत और हंसी-मज़ाक के लिए शुक्रगुज़ार हूँ जो हमने साथ बिताया। मल्हार, नीलू जी और उनके सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। आराम से सोइए, नाना साहब। आप जैसा दूसरा कोई कभी नहीं होगा।'

पुणे के डोंजे में हुआ नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार

गुरुवार को पुणे ग्रामीण के डोंजे गांव में नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। 75 वर्षीय अभिनेता का निधन दिन में गोवा में हुआ था, जिसके बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए उनके पैतृक गांव लाया गया। नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार संपन्न हुआ और उनके बेटे मल्हार ने चिता को मुखाग्नि दी। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, एकनाथ शिंदे, मंत्री चंद्रकांत पाटिल, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और कांग्रेस नेता भाई जगताप ने दिवंगत अभिनेता को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

ये भी पढ़ेंः नाना पाटेकर को आखिरी समय में सता रही थी बेटे की चिंता, जाते-जाते कहे थे ये 15 शब्द, याद करके भावुक हुए मल्हार

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।